विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में जयमाला देखने को उमड़ी भीड़, अचानक भरभरा कर गिरा छत का छज्जा; 2 लोगों की मौत और कई घायल

Published: Sun, 15 Mar 2026 09:21 AM (IST)Updated: Sun, 15 Mar 2026 09:23 AM (IST)

औरंगाबाद के ओबरा थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हुआ। जयमाला की रस्म के समय छत ...और पढ़ें

HighLights

  1. शादी समारोह में जयमाला के दौरान छत का छज्जा गिरा।

  2. हादसे में दो लोगों की मौत, लगभग 15 लोग घायल हुए।

  3. ग्रामीणों ने मलबे से घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। ओबरा थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। रात करीब 11 बजे तेजपुरा पंचायत के मझियावा गांव में जयमाला के दौरान अचानक छत का छज्जा गिर जाने से कई लोग घायल हो गए।

गांव के ही सत्यनारायण सिंह और अखिलेश्वर यादव की मौत हो गई है। हादसे में करीब 15 लोग घायल हुए हैं जिनमें बाराती और गांव के ग्रामीण भी शामिल हैं। हादसे के बाद खुशी का माहौल पल भर में चीख-पुकार और अफरातफरी में बदल गया।

जानकारी के अनुसार गोह प्रखंड के चापुक पंचायत अंतर्गत पकरी गांव से बारात मझियावा गांव पहुंची थी। दरवाजा लगने और जयमाला की रस्म चल रही थी। इसी दौरान कुछ लोग छत पर खड़े होकर कार्यक्रम देख रहे थे, जबकि नीचे भी काफी संख्या में बाराती और ग्रामीण मौजूद थे।

भरभरा कर गिरा छत का छज्जा

तभी अचानक छत का छज्जा भरभरा कर गिर गई। छत गिरते ही ऊपर और नीचे मौजूद कई लोग मलबे में दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और लोग चीखने-चिल्लाने लगे।

ग्रामीणों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद नंबर 112 पर पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।

इससे नाराज ग्रामीणों और बारातियों ने खुद ही मलबा हटाकर दबे हुए लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकाला गया।

चल रहा इलाज

मलबे से निकाले गए घायलों को ग्रामीणों और स्वजनों ने निजी वाहनों की मदद से तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में सभी का इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद गांव में दहशत और दुख का माहौल है। ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। करीब 10 लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- बिहार में ग्रामीण चिकित्सक का कारनामा, जख्मी पिता-पुत्र के सिर में धागे की जगह लगा दिया 'स्टेपलर पिन'