विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

औरंगाबाद में अदरी नदी किनारे 60 हजार वर्गफीट में बन रहा आधुनिक पार्क, 1.55 करोड़ रुपये होंगे खर्च

Published: Tue, 18 Aug 2026 10:39 AM (IST)

औरंगाबाद के कामा बिगहा में 60 हजार वर्गफीट में 1.55 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक पार्क का निर्माण ...और पढ़ें

निर्माणाधीन पार्क का निरीक्षण करते नगर परिषद के चेयरमैन उदय कुमार गुप्ता, साथ में पूर्व वार्ड पार्षद ओमप्रकाश यादव। जागरण

निर्माणाधीन पार्क का निरीक्षण करते नगर परिषद के चेयरमैन उदय कुमार गुप्ता, साथ में पूर्व वार्ड पार्षद ओमप्रकाश यादव। जागरण

HighLights

  1. कामा बिगहा में 60 हजार वर्गफीट का नया पार्क।

  2. 1.55 करोड़ की लागत से मार्च 2027 तक निर्माण।

  3. जिम, हरियाली और अदरी नदी किनारे बेहतर सुविधाएँ।

शुभम कुमार सिंह, औरंगाबाद। शहरवासियों को जल्द ही घूमने-टहलने के लिए एक और बेहतर और आकर्षक पार्क की सुविधा मिलने वाली है।

नगर परिषद द्वारा कामा बिगहा स्थित वार्ड संख्या 28 में करीब 60 हजार वर्गफीट क्षेत्र में आधुनिक पार्क का निर्माण कराया जा रहा है।

करीब 1.55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पार्क को शहर के प्रमुख आकर्षण केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।

अदरी नदी के किनारे पार्क का निर्माण होने से इसकी खूबसूरती और बढ़ जाएगी। नगर परिषद का लक्ष्य मार्च 2027 तक पार्क का निर्माण पूरा करने का है।

पार्क के निर्माण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। पार्क में लोगों की सुविधा और मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रकार की सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

परिसर में हरियाली के लिए फूलदार और छायादार पौधे लगाए जाएंगे। सुंदर फूलों से पार्क को सजाने की योजना है। इसके अलावा लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिम की भी व्यवस्था होगी।

अदरी नदी के किनारे बदल जाएगी तस्‍वीर 

सुबह और शाम टहलने के लिए आने वाले लोगों को पार्क में बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।नदी के आसपास का वातावरण पार्क की खूबसूरती को और बढ़ाएगा।

नगर परिषद की योजना पार्क को इस तरह विकसित करने की है कि शहरवासियों को कुछ समय प्रकृति के बीच बिताने का अवसर मिल सके।

शहर का चौथा बड़ा पार्क होगा

नगर परिषद द्वारा शहर में लगातार पार्कों के विकास पर जोर दिया जा रहा है। कामा बिगहा में बनने वाला यह पार्क शहर का चौथा बड़ा पार्क होगा।

पहले दानी बिगहा में सत्येंद्र नारायण सिन्हा पार्क, समाहरणालय के समीप राजेंद्र बाल उद्यान, नावाडीह रोड स्थित अदरी नदी किनारे डाॅ. एपीजे अब्दुल कलाम आजाद पार्क बन चुका है।

इसका लाभ नागरिकों को मिल रहा है। शहर में बढ़ती आबादी और भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच लोगों को खुले और हरे-भरे स्थान की जरूरत महसूस हो रही है।

ऐसे में नए पार्क का निर्माण शहरवासियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्क में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों को ध्यान में रखकर सुविधाएं विकसित किए जाने की योजना है।

दर्जनभर गांवों के लोगों को मिलेगा लाभ

कामा बिगहा के आसपास बसे करीब दर्जनभर गांवों के ग्रामीण भी इस पार्क का लाभ उठा सकेंगे। न केवल शहर बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों से आने वाले लोगों के लिए भी यह घूमने-फिरने का बेहतर स्थान बनेगा।

लौरिक चौक व महाराणा प्रताप चौक का होगा सौंदर्यीकरण

शहर के प्रवेश द्वार को आकर्षक बनाने के लिए नगर परिषद द्वारा फारम स्थित लौरिक चौक एवं महाराणा प्रताप चौक का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।

दोनों चौक शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्ग पर स्थित हैं। ऐसे में इनके विकसित होने से शहर की खूबसूरती में चार चांद लगेंगे और बाहर से आने वाले लोगों को बेहतर दृश्य देखने को मिलेगा।

नगर परिषद की ओर से दोनों चौक के सौंदर्यीकरण की तैयारी पूरी कर ली गई है। कार्य के लिए टेंडर की प्रक्रिया भी समाप्त हो चुकी है।

अब संबंधित एजेंसी के माध्यम से निर्माण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा। चौक के आसपास आकर्षक लाइट लगाने के साथ पौधे लगाए जाएंगे। 

नगर परिषद के चेयरमैन उदय कुमार गुप्ता ने बताया कि शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों को बेहतर स्वरूप देने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है।

चौक के विकसित होने से यातायात व्यवस्था के साथ शहर की सुंदरता भी बढ़ेगी। नगर परिषद द्वारा शहर के अन्य प्रमुख स्थानों को भी विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। लोगों ने दोनों चौक के सौंदर्यीकरण की पहल का स्वागत किया है।

पार्क निर्माण का उद्देश्य शहर में बेहतर नागरिक सुविधाओं का विस्तार करना है। पार्क के निर्माण से लोगों को स्वस्थ वातावरण मिलेगा और शहर की सुंदरता में भी इजाफा होगा। मार्च 2027 तक कार्य पूरा होने के बाद इसे आम लोगों के लिए उपलब्ध कराने की तैयारी है। पार्क के पूर्ण रूप से विकसित होने के बाद सुबह-शाम यहां लोगों की चहल-पहल बढ़ने की उम्मीद है।
उदय कुमार गुप्ता, चेयरमैन, नगर परिषद औरंगाबाद।