औरंगाबाद में रील बनाने नदी में उतरे तीन युवक, तेज धार ने छीना होश; एक को बचाया, दो लापता
औरंगाबाद में बटाने नदी में रील बनाने उतरे तीन युवकों में से दो तेज धार में बह गए और लापता ...और पढ़ें

औरंगाबाद के झारखंड बार्डर पर नदी किनारे लगी ग्रामीणों की भीड़
HighLights
औरंगाबाद में रील बनाने उतरे तीन युवक नदी में डूबे।
एक युवक को बचाया गया, जबकि दो अभी भी लापता हैं।
तेज बहाव के कारण तलाश अभियान में बाधा आ रही है।
संवाद सूत्र, अंबा (औरंगाबाद)। झारखंड सीमा से सटे हरिहरगंज थाना क्षेत्र के डेमा टोला स्थित बेलघा।टी पुल के पास शनिवार को बटाने नदी में बड़ा हादसा हो गया। रील बनाने के लिए नदी में उतरे तीन युवक तेज धार की चपेट में आकर डूब गए। ग्रामीणों ने राजेंद्र साव (40) को किसी तरह नदी से बाहर निकाल लिया, जबकि रितिक और टेनी नामक दो युवक गहरे पानी में बह गए।
देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका था। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
पिकनिक मनाने पहुंचे थे तीनों, नदी में उतरकर बना रहे थे वीडियो
साथ आए लोगों के अनुसार तीनों युवक बेलघाटी पुल के पास पिकनिक मनाने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ देर बाद युवक नदी में उतरकर वीडियो बनाने लगे।
इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने युवकों को नदी के गहरे हिस्से में नहीं जाने की चेतावनी भी दी थी। इसके बावजूद वे पानी में उतर गए।
एक युवक को ग्रामीणों ने निकाला, दो की तलाश जारी
हादसे के बाद ग्रामीण तुरंत बचाव के लिए नदी में उतरे। काफी प्रयास के बाद राजेंद्र साव को बाहर निकाल लिया गया। वह बेहोशी की हालत में थे।
उन्हें तत्काल हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया। राजेंद्र औरंगाबाद शहर के टीकरी रोड मिनी बिगहा के निवासी बताए गए हैं।
तेज बहाव और गहराई बनी तलाश में सबसे बड़ी बाधा
रितिक और टेनी की तलाश में ग्रामीणों ने काफी देर तक नदी के आसपास खोजबीन की। दोनों के गहरे पानी में बह जाने के कारण तलाश अभियान में परेशानी आ रही थी।
बटाने नदी की तेज धार और गहराई के कारण ग्रामीणों को नदी में उतरने में भी जोखिम उठाना पड़ रहा था। समाचार लिखे जाने तक दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
पुलिस पहुंची मौके पर, ग्रामीणों के साथ तलाश में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही एसआइ अजय कुमार सिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की स्थिति का जायजा लिया और लापता युवकों की तलाश की जानकारी ली।
पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने नदी में खोजबीन जारी रखी। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुटी रही।
रील के चक्कर में नदी में उतरना पड़ा भारी
बटाने नदी की तेज धार ने कुछ ही पलों में पिकनिक का माहौल मातम में बदल दिया। ग्रामीणों के अनुसार, युवकों को पहले ही गहरे पानी में नहीं जाने की सलाह दी गई थी।
इसके बावजूद वीडियो बनाने के लिए नदी में उतरना भारी पड़ गया। हादसे ने एक बार फिर तेज बहाव वाली नदियों में सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।
