औरंगाबाद-बिहटा रेललाइन परियोजना में बढ़ी गतिविधि, 12 किमी के लिए 85.91 एकड़ जमीन का अधिग्रहण शुरू
औरंगाबाद शहर को अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन से जोड़ने वाली 12 किलोमीटर लंबी रेललाइन के लिए जमीन अधिग्रहण शुरू ...और पढ़ें

अनुग्रह नारायण रोड से औरंगाबाद तक बिछेगी रेललाइन। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
औरंगाबाद में 12 किमी रेललाइन के लिए भूमि अधिग्रहण शुरू।
85.91 एकड़ जमीन का अधिग्रहण, किसानों की चिंताएं।
प्रशासन किसानों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दे रहा।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन से औरंगाबाद शहर तक प्रस्तावित करीब 12 किलोमीटर लंबी रेललाइन के निर्माण की दिशा में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
सदर प्रखंड के 11 मौजों में करीब 85.9118 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। जिला भू-अर्जन कार्यालय की ओर से संबंधित प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
रेललाइन के निर्माण से शहर को रेलवे नेटवर्क से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। जिला भू-अर्जन कार्यालय के अनुसार जम्होर, जगदीशपुर, जोकहरी, भरथौली, सुशनार, खैराबिंद, मोरौली, कठौतिया, रामपुर, परसा और कर्मा भगवान मौजा में जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई चल रही है।
परसा में बनेगा प्रस्तावित टर्मिनल
प्रस्तावित रेललाइन का अंतिम पड़ाव शहरी क्षेत्र में श्री सीमेंट से उत्तर परसा गांव के मौजा में बनाए जाने का प्रस्ताव है। इसी परसा मौजा में रेललाइन का टर्मिनल विकसित किया जाएगा।
परियोजना के पूरा होने पर अनुग्रह नारायण रोड स्टेशन से औरंगाबाद शहर तक रेल संपर्क स्थापित हो सकेगा।
जमीन अधिग्रहण को लेकर किसानों की चिंता
इधर, जमीन अधिग्रहण को लेकर किसानों की अपनी चिंताएं भी सामने आ रही हैं। किसानों ने प्रशासन से जमीन का उचित मूल्य निर्धारित कर नियमानुसार मुआवजा देने की मांग की है।
जोकहरी और जगदीशपुर के किसानों ने कुछ समय के लिए जमीन की मापी पर रोक भी लगा दी थी। किसानों का कहना है कि कम क्षेत्रफल में रेललाइन निकाले जाने के कारण कई भूखंडों के बीच से रेल ट्रैक गुजर रहा है। इससे उनकी जमीन दो हिस्सों में बंट जाएगी।
किसानों के अनुसार, जमीन के बीच से रेललाइन गुजरने के बाद खेती करने और ट्रैक के एक तरफ से दूसरी तरफ आने-जाने में परेशानी होगी।
ऐसी स्थिति में उन्होंने रेललाइन के नीचे अंडरपास बनाने की मांग की है, ताकि खेतों तक पहुंचने में किसानों को परेशानी न हो।
किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन कर रहा बातचीत
जिला प्रशासन के अधिकारी किसानों से लगातार बातचीत कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जमीन अधिग्रहण और रेललाइन निर्माण से प्रभावित किसानों की व्यावहारिक समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
इसके लिए रेलवे के अधिकारियों के साथ भी समन्वय स्थापित किया जाएगा। जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सुवेंदु कुमार झा ने बताया कि जमीन अधिग्रहण को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके बाद संबंधित रैयतों को नियमानुसार मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
औरंगाबाद-बिहटा रेललाइन का हिस्सा है परियोजना
अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन से औरंगाबाद तक प्रस्तावित यह रेललाइन औरंगाबाद-बिहटा रेल परियोजना का हिस्सा है।
परियोजना के तहत औरंगाबाद शहर को रेल नेटवर्क से जोड़ने की योजना है। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने के बाद अब परियोजना के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने की उम्मीद बढ़ी है।
