PNG Connection: पाइप वाली रसोई गैस से जुड़ रहे औरंगाबाद के घर, समय से पहले 94% लक्ष्य पूरा
औरंगाबाद जिले में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन का विस्तार तेजी से हो रहा है, जिसमें निर्धारित लक्ष्य का लगभग 94% हासिल कर लिया गया है।

पाइप वाली रसोई गैस से जुड़ रहे औरंगाबाद के घर, समय से पहले 94% लक्ष्य पूरा (AI Generated Image)
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। जिले में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन का विस्तार तेजी से हो रहा है। निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध अब तक करीब 94 प्रतिशत उपलब्धि हासिल कर ली गई है। डीएम अभिलाषा शर्मा ने खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान औरंगाबाद शहर में पीएनजी कनेक्शन की प्रगति की जानकारी लिया।
कार्यों में तेजी लाने, लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने और संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। समीक्षा में बताया गया कि मार्च 2026 तक जिले में 2,735 पीएनजी कनेक्शन का लक्ष्य निर्धारित था।
इसके विरुद्ध 25 सितंबर तक 2,550 कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं, कुल 2,582 कनेक्शन लाइव हो चुके हैं। 18 मार्च को लाइव कनेक्शनों की संख्या 1,427 थी। इसके बाद 668 नए कनेक्शन चालू किए गए हैं।
चार हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने कराया पंजीकरण
चार अक्टूबर की अद्यतन रिपोर्ट के अनुसार पीएनजी कनेक्शन के लिए जिले में 4,208 उपभोक्ताओं का पंजीकरण किया गया है। इनमें 2,095 कनेक्शन चालू हो चुके हैं। शेष उपभोक्ताओं को कनेक्शन देने की प्रक्रिया अलग-अलग चरणों में है।
238 उपभोक्ताओं के यहां मीटर लगाए जा चुके हैं और एमडीपीई पाइप बिछाने, परीक्षण व कनेक्टिविटी का काम चल रहा है। 1,127 उपभोक्ताओं के यहां मीटर स्थापना व जीआइ पाइपिंग की प्रक्रिया जारी है।
594 उपभोक्ताओं ने सुरक्षा जमा राशि जमा नहीं की है, जबकि 154 मामलों में दस्तावेज सत्यापन अथवा निरीक्षण लंबित है।
तीन एजेंसियां बढ़ा रहीं गैस नेटवर्क
जिले में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) नेटवर्क के विस्तार के लिए तीन एजेंसियां काम कर रही हैं। वर्तमान में 10 वाणिज्यिक पीएनजी कनेक्शन चालू हैं। जिला रेगुलेटिंग स्टेशन (डीआरएस) के 31 अक्टूबर तक पहुंचने की संभावना है।
इससे बियाडा और आसपास के क्षेत्रों में घरेलू व वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति में सुविधा होगी। बियाडा में डीआरएस स्थापना के लिए सिविल कार्य 29 सितंबर से शुरू है।
शहर के कई मोहल्लों में पहुंच रहा नेटवर्क
राम राज्य नगर, श्रीकृष्ण नगर, पीएचईडी कालोनी, सत्येंद्र नगर, नगा बिगहा, पिपरडीह, गांधी नगर, मिनी बिगहा, न्यू एरिया, पटेल कॉलोनी, ब्लाक मोड़ और जय मां कालोनी समेत शहर के विभिन्न इलाकों में पीएनजी नेटवर्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
समीक्षा के दौरान डीएम ने लंबित कनेक्शनों को शीघ्र चालू करने और आधारभूत संरचना का समयबद्ध विस्तार करने पर जोर दिया। जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्वेतांक लाल समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
