विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

औरंगाबाद में नाबालिग के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, दो गिरफ्तार; तीसरे की तलाश में छापेमारी

Published: Mon, 31 Aug 2026 09:54 PM (IST)

औरंगाबाद के कुटुंबा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को कार से अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने ...और पढ़ें

प्रेम प्रसंग के बहाने घर से बुलाने का आरोप

प्रेम प्रसंग के बहाने घर से बुलाने का आरोप

HighLights

  1. नाबालिग को कार से अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म।

  2. पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।

  3. तीसरे आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी।

जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। कुटुंबा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग को कार से अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपित उसे बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान माली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी प्रिंस कुमार सिंह और रौशन कुमार सिंह के रूप में हुई है। वहीं राजू कुमार उर्फ झुनु फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

प्रेम प्रसंग के बहाने घर से बुलाने का आरोप

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, नाबालिग का गिरफ्तार आरोपितों में से एक युवक से परिचय था। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर युवक ने मोबाइल फोन के माध्यम से उसे घर से बाहर बुलाया।

इसके बाद देवरिया गांव के पास उसे कार में बैठाकर कुटुंबा थाना क्षेत्र के एक स्थान पर ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, वहीं तीनों आरोपितों ने उसके साथ अपराध किया। बाद में नाबालिग को वहां छोड़कर आरोपित फरार हो गए।

स्वजन की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता के स्वजन पहले माली थाना पहुंचे। वहां घटनास्थल दूसरे थाना क्षेत्र में होने की जानकारी मिलने के बाद वे कुटुंबा थाना पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कुटुंबा थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। आरोपितों की पहचान होने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

तीसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

एसडीपीओ आदित्य कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। तीसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। नाबालिग का मेडिकल परीक्षण सदर अस्पताल, औरंगाबाद में कराया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।