औरंगाबाद में झारखंड के गोलगप्पे बेचने वाले की हत्या, चारदीवारी के अंदर खाली जमीन में मिला शव
औरंगाबाद के शाहपुर मोहल्ले में एक गोलगप्पे बेचने वाले फकीरा मेहता की हत्या कर दी गई है। उनका शव सोमवार ...और पढ़ें

शव मिलने के बाद लगी भीड़। जागरण
HighLights
औरंगाबाद में गोलगप्पे विक्रेता फकीरा मेहता की हत्या।
शाहपुर मोहल्ले में खाली जमीन में मिला शव।
पुलिस ने जांच शुरू की, पत्नी का बयान दर्ज।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। शहर के शाहपुर मोहल्ले में राम लखन सिंह यादव कालेज के समीप गोलगप्पे बेचने वाले की हत्या कर दी गई। शव को चारदीवारी के अंदर खाली पड़ी जमीन में फेंक दिया गया।
सोमवार सुबह शव मिलने की सूचना पर मोहल्ले में सनसनी फैल गई। सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
चारदीवारी के अंदर खाली जमीन में मिला शव
नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि दुकादान की पहचान झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के कोल्हुआ गांव निवासी फकीरा मेहता (40) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि मामले की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। दुकानदार की पत्नी रेखा देवी का बयान पुलिस ने लिया है, जिसमें हत्या किए जाने की बात बताई गई है।
मोहल्ले के नागरिकों और स्वजन के अनुसार फकीरा मेहता ठेला लगाकर फोकचा (गोलगप्पे) बेचने का काम करता था। शाहपुर मोहल्ले में कालेज के समीप ही उसका ससुराल था।
शनिवार शाम से था लापता
वह पोखरा मोहल्ले में अजय मेहता के मकान में किराए पर रहता था। शनिवार शाम वह जब घर नहीं पहुंचा तो स्वजन ने उसकी खोजबीन शुरू की।
इस दौरान मोहल्ले की एक गली में उसका ठेला मिला, जिसके बाद उसकी तलाश तेज कर दी गई। स्वजन और स्थानीय लोगों ने पूरी रात आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन फकीरा का पता नहीं चला।
सोमवार सुबह चारदीवारी के अंदर खाली पड़ी जमीन में उसका शव मिला। पुलिस अब घटनास्थल की जांच, स्वजन के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
