औरंगाबाद के किसानों को उद्यमी बनने का मौका, कृषि योजनाओं पर ₹25 लाख तक का अनुदान दे रही सरकार
औरंगाबाद कृषि विभाग किसानों और युवाओं को कृषि आधारित रोजगार से जोड़ने के लिए वर्मी कंपोस्ट, तेल मिल और दाल प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने हेतु योजनाएं चला रहा है।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
कृषि विभाग ने वर्मी कंपोस्ट, तेल मिल, दाल इकाई योजनाएं शुरू कीं।
किसानों को इन योजनाओं पर 25 लाख रुपये तक अनुदान मिलेगा।
इच्छुक किसान ऑनलाइन आवेदन कर इन योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। कृषि विभाग ने किसानों और युवाओं को कृषि आधारित रोजगार से जोड़ने के लिए वर्मी कंपोस्ट, तेल मिल और दाल प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने की योजनाएं शुरू की हैं। इन योजनाओं के तहत सरकार लाखों रुपये तक अनुदान प्रदान करेगी।
इच्छुक किसान निर्धारित अवधि में आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वर्मी कंपोस्ट इकाई के लिए जिले को 1200 का लक्ष्य मिला है, जिसमें अब तक करीब 600 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
एक किसान अधिकतम तीन इकाइयों के लिए आवेदन कर सकता है। एक इकाई पर पांच हजार और तीन इकाइयों पर अधिकतम 15 हजार रुपये तक अनुदान मिलेगा।
तेल मिल स्थापित करने के लिए भी अनुदान का प्रावधान है, जिसमें दो से 10 लाख रुपये तक सहायता मिलेगी। दाल प्रसंस्करण इकाई की लागत 75 लाख रुपये होगी, जिसमें अधिकतम 25 लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा।
कृषि विभाग ड्रोन तकनीक का उपयोग कर एक एकड़ में 216 रुपये में नैनो यूरिया का छिड़काव कर रहा है। इसके अलावा, डीजल अनुदान के माध्यम से सिंचाई के लिए प्रति एकड़ 700 रुपये का प्रावधान है। किसान अपनी जरूरत के अनुसार योजनाओं का लाभ ले सकते हैं। -संदीप राज, जिला कृषि पदाधिकारी, औरंगाबाद।
