विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

औरंगाबाद की मोनिका श्रीवास्तव ने IIT से UPSC तक ऐसे तय किया सफर, AIR 16 लाकर बताया सफलता का मंत्र

Published: Wed, 16 Sep 2026 08:47 AM (IST)

औरंगाबाद में अभियंता दिवस समारोह में डीडीसी ने अभियंताओं को गुणवत्तापूर्ण कार्य की सलाह दी, वहीं यूपीएससी में एआईआर 16 ...और पढ़ें

कार्यक्रम का शुभारंभ करतीं डीडीसी, एसडीएम, आईएएस मोन‍िका श्रीवास्‍तव व अन्‍य। जागरण

कार्यक्रम का शुभारंभ करतीं डीडीसी, एसडीएम, आईएएस मोन‍िका श्रीवास्‍तव व अन्‍य। जागरण

HighLights

  1. अभियंता दिवस समारोह में गुणवत्तापूर्ण कार्य पर जोर दिया गया।

  2. मोनिका श्रीवास्तव ने यूपीएससी में एआईआर 16 हासिल की।

  3. आईआईटी से यूपीएससी तक का सफर युवाओं को प्रेरित करेगा।

जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। शहर के सम्राट अशोक भवन में मंगलवार को अभियंता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। 

इसका उद्घाटन करने के बाद डीडीसी कुमारी अनुपम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि डाक्टर और इंजीनियर बनना आसान है, लेकिन बेहतर इंसान बनना मुश्किल है।

तकनीकी ज्ञान के साथ मानवीय संवेदना और जिम्मेदारी का भाव होना जरूरी है। उन्‍होंने कहा क‍ि अभियंता समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यों में गुणवत्‍ता बेहद जरूरी 

उनके द्वारा तैयार की गई योजनाएं और परियोजनाएं सीधे आम लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं। इसलिए कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और ईमानदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

एसडीएम गौरव सिंह ने अभियंताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बदलते समय के साथ तकनीक का तेजी से विकास हो रहा है।

अभियंताओं को नई तकनीकों और नवाचारों को अपनाकर विकास कार्यों को बेहतर बनाने की दिशा में काम करना चाहिए।

इससे पूर्व डीडीसी के साथ एसडीएम गौरव सिंह, यूपीएससी में सफल रही मोनिका श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता ई. अर्जुन प्रसाद सिंह, श्री सीमेंट के जीएम अतुल शर्मा, संघ के अध्यक्ष ई. सुबोध कुमार सिंह, उपाध्यक्ष नारायण सिंह एवं सचिव अरुण कुमार सिंह ने दीप प्रज्‍ज्‍वल‍ित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

लक्ष्‍य निर्धार‍ित कर अनुशासन और मेहनत से म‍िलती सफलता 

यूपीएससी में सफलता हासिल करने वाली मोनिका श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों एवं युवाओं के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ तैयारी करने पर जोर दिया।

औरंगाबाद की मोनिका श्रीवास्‍तव की स्‍कूली श‍िक्षा इसी शहर में हुई। 2016 में उन्‍होंने आईआईटी गुवाहाटी से बीटेक की डिग्री हासिल की। इसके बाद सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम किया। 

वे 2023 में बिहार में राज्‍य करों की सहायक आयुक्‍त नियुक्‍त हुईं। इसके बावजूद यूपीएससी का सपना साकार करने के लिए पढ़ाई में लगी रहीं। आखिरकार 2025 में उन्‍होंने AIR 16 हासिल की। 

मुख्य अभियंता ई. अर्जुन प्रसाद सिंह ने अभियंताओं की जिम्मेदारियों और तकनीकी दक्षता के महत्व पर प्रकाश डाला। समारोह में बड़ी संख्या में अभियंता एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।