देव में मेडिकल कॉलेज के निर्माण की सबसे बड़ी बाधा दूर, मठ ने दान में दी 12.41 एकड़ जमीन; 430 करोड़ से होगा निर्माण
औरंगाबाद के देव में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के निर्माण की सबसे बड़ी बाधा दूर हो गई है। पातालगंगा मठ ने ...और पढ़ें

मेडिकल काॅलेज के लिए स्थानांतरित जमीन का कागजात सिविल सर्जन को सौंपते एसडीएम गौरव कुमार, साथ में विधायक, एडीएम और अवर निबंधक। जागरण
HighLights
मेडिकल कॉलेज निर्माण की सबसे बड़ी बाधा दूर हुई।
पातालगंगा मठ ने 12.41 एकड़ जमीन दान में दी।
430 करोड़ रुपये से पीपीपी मोड में होगा निर्माण।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। देव के पातालगंगा में प्रस्तावित मेडिकल काॅलेज के निर्माण की सबसे बड़ी बाधा अब दूर हो गई है।
मेडिकल काॅलेज के लिए आवश्यक 20 एकड़ से अधिक जमीन स्वास्थ्य विभाग के नाम हस्तांतरित कर दी गई है। मंगलवार को पातालगंगा मठ न्यास समिति ने 12.41 एकड़ जमीन दान पत्र के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग को सौंप दी।
वहीं 7.59 एकड़ गैरमजरुआ जमीन डीएम अभिलाषा शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग के नाम स्थानांतरित की गई है। जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मेडिकल कालेज के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
मेडिकल काॅलेज को जमीन मिले इसके लिए औरंगाबाद विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह लगातार प्रयासरत थे। जमीन रजिस्ट्री के समय वे स्वयं निबंधन कार्यालय में मौजूद थे।
निबंधन कार्यालय में पूरी हुई दान पत्र की प्रक्रिया
पातालगंगा मठ न्यास समिति की ओर से जमीन हस्तांतरण के लिए मंगलवार को निबंधन कार्यालय में दान पत्र की प्रक्रिया पूरी की गई।
इस दौरान विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, ADM अनुग्रह नारायण सिंह, सिविल सर्जन डाॅ. कृष्ण कुमार, एसडीएम गौरव कुमार, वरीय उप समाहर्ता रितेश यादव, मठ के महंथ आदित्या ब्रह्मचारी समेत न्यास समिति के सदस्य मौजूद रहे।
अवर निबंधक रिंकी कुमारी ने दान पत्र से संबंधित कागजात सिविल सर्जन को सौंपे। समिति के सदस्य उदय कुमार यादव गवाह बने।
430 करोड़ से पीपीपी मोड में होगा निर्माण
विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने कहा कि मेडिकल काॅलेज निर्माण से जुड़ी सभी बाधाएं दूर हो गई हैं। अब जल्द ही शिलान्यास कार्यक्रम कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मेडिकल काॅलेज के निर्माण को राज्य कैबिनेट से स्वीकृति मिल चुकी है और इसके लिए करीब 430 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है।
जिला मुख्यालय से मेडिकल काॅलेज तक पहुंचने वाले संपर्क पथ को बेहतर कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल काॅलेज के निर्माण से देव क्षेत्र में विकास का नया अध्याय शुरू होगा।
तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के दौरान देव में इसकी घोषणा की थी। इसके बाद राज्य कैबिनेट से योजना को मंजूरी मिली थी।
नीतीश कुमार ने मेडिकल काॅलेज निर्माण के लिए पातालगंगा मठ की जमीन का निरीक्षण भी किया था। अब जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।
