औरंगाबाद में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के घर समेत 4 मकानों को चोरों ने बनाया निशाना, समेटे 20 लाख के जेवरात
औरंगाबाद के वास्तु विहार में रविवार रात चोरों ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम समेत चार बंद मकानों को निशाना ...और पढ़ें

वास्तु विहार स्थित कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार के आवास में जांच करते मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार। जागरण
HighLights
औरंगाबाद में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम का घर निशाना बना।
संतोष सिंह के घर से 20 लाख के सोने-चांदी के गहने चोरी।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज से चार संदिग्धों की पहचान में जुटी।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। शहर के वास्तु विहार में रविवार की देर रात चोरों ने एक साथ चार बंद मकानों को निशाना बनाया।
इनमें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के अलावा संतोष सिंह, प्रदीप सिंह और बृजेश कुमार के घर शामिल हैं। संतोष सिंह के घर से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की बात सामने आई है।
अन्य मकानों से चोरी गए सामान का आकलन किया जा रहा है। घटना की जानकारी सोमवार सुबह उस समय हुई, जब संतोष सिंह की पत्नी अपने बेटे के साथ वास्तु विहार स्थित आवास पर पहुंचीं।
देवघर गए संतोष सिंह के घर से 20 लाख के गहने चुराए
संतोष सिंह फिलहाल देवघर गए हुए हैं। उनकी पत्नी कर्मा रोड स्थित अपनी बहन के घर गई थीं। सोमवार सुबह वापस लौटने पर मुख्य गेट का ताला टूटा मिला।
घर के अंदर जाने पर अलमारी भी टूटी हुई थी और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
आसपास के दो अन्य बंद मकानों के ताले भी टूटे मिले। पुलिस चोरी गए सामान का ब्योरा जुटा रही है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के आवास का भी टूटा ताला
जांच के दौरान पुलिस को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के आवास का ताला भी टूटा मिला। इसकी सूचना कांग्रेस नेता सूरज राय को दी गई।
वह मौके पर पहुंचे और घर का जायजा लिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि राजेश राम के आवास से कौन-कौन से सामान चोरी हुए हैं।
बताया गया कि राजेश राम एक दिन पहले ही आवास में ताला लगाकर पटना के लिए रवाना हुए थे। वहीं, आवास की देखरेख करने वाला केयरटेकर जितन भी रविवार शाम घर बंद कर अपने गांव चला गया था।
सीसीटीवी में दिखे चार संदिग्ध
पुलिस ने सोसाइटी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में चार संदिग्ध बाउंड्री फांदकर सोसाइटी में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध करीब एक घंटे तक सोसाइटी के अंदर रहे।
इस दौरान उन्होंने एक-एक कर कई बंद मकानों को निशाना बनाया। इसके बाद उसी रास्ते से बाउंड्री फांदकर बाहर निकल गए। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी है।
14 माह पहले भी हुई थी चोरी
स्थानीय लोगों के अनुसार, वास्तु विहार में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। करीब 14 माह पहले भी फेज-1 और फेज-2 में चोरी की घटनाएं हुई थीं।
एक ही रात में चार बंद मकानों में चोरी के बाद पुलिस ने पूर्व की घटनाओं का रिकॉर्ड भी खंगालना शुरू कर दिया है।पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज के साथ पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं के मामलों की भी जांच कर रही है, ताकि संदिग्धों का कोई सुराग मिल सके।
राजेश राम बोले- बिहार में कोई सुरक्षित नहीं
घटना के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि उनके घर से क्या चोरी हुआ, यह महत्वपूर्ण नहीं है। महत्वपूर्ण यह है कि बिहार में कोई भी सुरक्षित नहीं है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। राजेश राम के औरंगाबाद पहुंचने के बाद उनके आवास से चोरी गए सामान की पूरी जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
