विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दो पुलों का निर्माण रद हुआ तो दस गांवों की कनेक्टिविटी होगी प्रभावित, औरंगाबाद में नौ किलोमीटर सड़क पर खर्च 8.78 करोड़

Published: Fri, 14 Aug 2026 04:17 PM (IST)

औरंगाबाद में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बन रही सड़क पर दो हाई लेवल पुलों के निर्माण रद होने ...और पढ़ें

पुल नहीं बने तो सड़क का उद्देश्य होगा प्रभावित

पुल नहीं बने तो सड़क का उद्देश्य होगा प्रभावित

HighLights

  1. औरंगाबाद में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत दो पुल प्रस्तावित।

  2. ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री सहित अधिकारियों से निर्माण शुरू करने की मांग की।

  3. पुल रद्द होने पर दस गांवों की कनेक्टिविटी पर पड़ेगा बुरा असर।

जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ एनएच-139 से औरंगाबाद-फेसर पथ में उन्थू को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इसी सड़क पर दो हाई लेवल (एचएल) ब्रिज प्रस्तावित हैं।

इनके निर्माण को रद किए जाने की चर्चा के बीच ग्रामीणों ने शीघ्र काम शुरू कराने की मांग की है।

मुख्यमंत्री समेत अधिकारियों को भेजा आवेदन

रामपुर, धनहारा, पिपरा, तेंदुआ, बनाही, उन्थु, पारसी समेत आसपास के ग्रामीणों ने ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता को आवेदन दिया है।

इसकी प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, ग्रामीण कार्य विभाग के प्रधान सचिव, अभियंता प्रमुख, सांसद, विधायक और जिलाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों को भेजी गई है।

नौ किलोमीटर सड़क पर खर्च होंगे 8.78 करोड़

ग्रामीणों के अनुसार टी02-टी03 से इब्राहिमपुर वाया भरतौली, उन्थु फल, पारसी सड़क का निर्माण करीब नौ किलोमीटर लंबाई में 8.78 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है।

सड़क का निर्माण सावन राज कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड कर रहा है। यह मार्ग आसपास के करीब दस गांवों के लिए महत्वपूर्ण है।

दोनों पुलों के लिए पूरी हो चुकी है निविदा प्रक्रिया

सड़क में प्रस्तावित दो एचएल ब्रिज में एक की प्राक्कलित राशि करीब 3.40 करोड़ रुपये और दूसरे की करीब 12.43 करोड़ रुपये है।

ग्रामीणों ने बताया कि दोनों पुलों के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। एग्रीमेंट होने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है।

पुल नहीं बने तो सड़क का उद्देश्य होगा प्रभावित

ग्रामीणों का कहना है कि दोनों पुलों के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को स्थायी आवागमन की सुविधा मिलेगी।

सड़क की कनेक्टिविटी फफरखुंदिया एसएच रोड को एनएच-139 से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे औरंगाबाद शहर के उत्तरी हिस्से और बाइपास मार्ग की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

संवेदक पर निर्माण नहीं कराने का प्रयास करने का आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पुल निर्माण नहीं करने के लिए संवेदक द्वारा प्रयास किया जा रहा है। आवेदन में विभाग से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने की बात भी कही गई है।

ग्रामीणों ने एग्रीमेंट रद करने से पहले तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

निर्माण रद हुआ तो दस गांवों की कनेक्टिविटी पर असर

ग्रामीणों ने दोनों पुलों का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि पुलों का निर्माण रद होने की स्थिति में सड़क और आसपास के करीब दस गांवों की कनेक्टिविटी प्रभावित होगी।

साथ ही करोड़ों रुपये की लागत से बन रही सड़क का लोगों को समुचित लाभ भी नहीं मिल पाएगा।