मौसम ने ली अंगड़ाई, बारिश से ठंड का अहसास
मौसम में अचानक आए बदलाव ने शुक्रवार को पूस मास के दस्तक का अहसास कराया है। कंपकंपाती ठंड ने शरीर में सिहरन पैदा की। लिहाजा अधिकतर लोग न सिर्फ घरों में दुबके रहे रजाई में लिपटे रहे।
मौसम में अचानक आए बदलाव ने शुक्रवार को पूस मास के दस्तक का अहसास कराया है। कंपकंपाती ठंड ने शरीर में सिहरन पैदा की। लिहाजा अधिकतर लोग न सिर्फ घरों में दुबके रहे रजाई में लिपटे रहे। गुरुवार को दिन भर चली तेज हवा एवं रात में शुरू हुई बारिश शुक्रवार को जारी रही। बारिश के कारण कड़ाके की सर्दी का अहसास होने लगा है।
शादी विवाह व शुभ कार्यक्रमों का लोग लुफ्त उठा रहे थे। शुक्रवार को बारिश के कारण बढ़ी ठंड ने अचानक लोगों को घरों में कैद कर दिया। पिछले कई दिनों से तेज धूप निकल रही थी। लोग सुकून में थे। गुरुवार को ठंडी हवा चलने से अचानक ठंड बढ़ गई। इससे आम से खास सभी लोग परेशान दिखे। वृद्ध एवं बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। ठंड में इजाफा होने से लोगों के दिनचर्या में बदलाव दिखा। सुबह उठने में आलस हुआ। हालांकि जिनके बच्चे स्कूल जाते हैं उनको मजबूरी में अपने बच्चों को तैयार करने के लिए जल्दी उठना पड़ा। तापमान में गिरावट आने व बारिश के कारण बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल गए। सुबह देर से बाजार लगने व शाम को जल्दी ही दुकानें बंद हुई। बाजार में सन्नाटा का आलम रहा तो बारिश ने सड़कों की सूरत बिगाड़ कर रख दी। दिहाड़ी मजदूर, ठेला वाले, रिक्शा वाले व खोमचा वाले परेशान रहे। गर्म कपड़ों की दुकानों में अब तक उदासी स्पष्ट दिख रही थी परंतु शुक्रवार के बाद इन दुकानों में चहल-पहल बढ़ने की उम्मीद की जा रही है। किसानों की माने तो बारिश ने रबी फसल को एक तरह से अमृत दे गई है।