बस और ट्रक की टक्कर में 13 यात्री घायल
औरंगाबाद। औरंगाबाद-डाल्टेनगंज पथ पर अंबा थाना के बभंडीह गांव के पास रविवार की दोपहर बस-ट्रक की टक्कर में तेरह यात्री घायल हो गए। घायल यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेजा गया। पुलिस ने ट्रक और बस को जब्त कर लिया।
औरंगाबाद। औरंगाबाद-डाल्टेनगंज पथ पर अंबा थाना के बभंडीह गांव के पास रविवार की दोपहर बस-ट्रक की टक्कर में तेरह यात्री घायल हो गए। घायल यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेजा गया। पुलिस ने ट्रक और बस को जब्त कर लिया।
बस सासाराम से गढ़वा (झारखंड) जा रही थी कि बभंडीह गांव के पास दोनों वाहनों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। बस पर 30 से 35 यात्री सवार थे। घायलों में झारखंड के गढ़वा के मो. परवेज, शाहीन जमा, खुदवां के सतीश प्रसाद, संगीता कुमारी, तेतरिया के रघुनंदन साव, कैशर आलम, सानिया प्रवीण, सासाराम के एकरार अहमद, मधेपुरा के मो. गयास, अलीमुद्दीन बारी, परमहंस राम एवं नावाडीह के मो. शहजाद का इलाज सदर अस्पताल में किया गया। घटना के संबंध में घायलों ने बताया कि हम सभी सासाराम से गढ़वा जा रहे थे कि चालक की लापरवाही के कारण बस व ट्रक के बीच टक्कर हो गई। इधर घटना की सूचना मिलते ही अंबा थाना पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेजा। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क जाम हो गया। इधर घटना की सूचना पर एसडीएम डॉ. प्रदीप कुमार एवं एसडीपीओ अनूप कुमार मौके पर पहुंचे। सबसे पहले दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से किनारे कर आवागमन को सामान्य किया गया। एसडीओ ने बताया कि घायल सभी यात्री खतरे से बाहर हैं। अधिकांश यात्रियों को मामूली चोटें आई है। सभी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। एसडीपीओ ने बताया कि अंबा थाना पुलिस दोनों वाहनों को जब्त कर कार्रवाई कर रही है। बताया जाता है कि ट्रक पर चना लदा है। दोनों ही वाहनों की रफ्तार तेज थी जिस कारण यह दुर्घटना हुई है। ट्रक अंबा की ओर से औरंगाबाद आ रहा था।