काठमांडु में समरसता अवार्ड से सम्मानित हुई मुखिया विमला देवी
अरवल। प्रखंड क्षेत्र के पहलेजा पंचायत के मुखिया विमला देवी अपने कार्यों के कारण कई पुरस्कारों से सम्मानित की जा चुकी है।
अरवल। प्रखंड क्षेत्र के पहलेजा पंचायत के मुखिया विमला देवी अपने कार्यों के कारण कई पुरस्कारों से सम्मानित की जा चुकी है। उन्हें नेपाल की राजधानी काठमांडु में समरसता अवार्ड द्वारा सम्मानित किया गया ।इस सम्मान के मिलने से पंचायत के लोगों में खुशी की लहर फैल गई है। ज्योंहि पंचायतवासियों को इस बात की जानकारी मिली लोग खुशी जाहिर करते हुए एक दूसरे को मिठाई खिलाने लगे। पंचायतवासियों ने बताया कि चाहे ओडीएफ की बात हो या फिर विकास संबंधित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की। महिला होने के बावजूद भी मुखिया द्वारा बेहतर कार्य किया जाता रहा है। मुखिया ने बताया कि यह सम्मान पंचायतवासियों की प्रेरणा के कारण बेहतर कार्य का ही परिणाम है। नेपाल के समारोह में न्यायमूर्ति परमानंद झा ,प्रथम उपराष्ट्रपति गिरीश चंद्र लाल ,पूर्व न्यायाधीश सर्वोच्च न्यायालय लोकेंद्र बहादूर चंद, पूर्व प्रधानमंत्री नेपाल, जापान के पूर्व राजदूत डॉ विष्णु हरि, सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के बीच सम्मान प्राप्त करना मेरे लिए काफी गौरव की बात है।अवार्ड से सम्मानित होकर पंचायत लौटने पर प्रखंड के सैकड़ों जनप्रतिनिधि ने मुखिया का स्वागत किया।