चेकपोस्ट का निर्माण कर आरंभ हुआ तलाशी का कार्य
अरवल। नक्सल प्रभावित जहानाबाद लोकसभा सीट के चुनाव अंतिम चरण में होने वाली है। लेकिन इस चुनाव को जिला प्रशासन ने चुनौती के रूप में लिया है।
अरवल। नक्सल प्रभावित जहानाबाद लोकसभा सीट के चुनाव अंतिम चरण में होने वाली है। लेकिन इस चुनाव को जिला प्रशासन ने चुनौती के रूप में लिया है। चुनाव शांतिपूर्ण हो इसके लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा कई प्रकार के उपाय भी अपने स्तर से किए जा रहे हैं। पुलिस ने जिले के कई जगह पर अस्थाई चेकपोस्ट का निर्माण कर सघन तलाशी का कार्य प्रारंभ कर दिया है वही चुनाव शांतिपूर्ण कराने को लेकर जिले में प्रत्येक चुनाव की भांति इस बार भी केंद्रीय बल की प्रतिनियुक्ति की तैयारी की जा रही है। जिला मुख्यालय में इन केंद्रीय बलों के ठहराव के लिए आठ विद्यालयों का चयन किया गया है। जिसमें कई कॉलेज भी शामिल है। केंद्रीय बलों की चुनाव के दौरान जगह-जगह पर तैनाती की जाएगी। जैसे ही चुनाव की सरगर्मी तेज होगी केंद्रीय बल को कई स्थानों पर तैनात किया जाएगा। खासकर गड़बड़ी वाले इलाकों में इसकी तैनाती की जाएगी। जिले के करीब चार लाख मतदाताओं को शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए केंद्रीय बल को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। नक्सल प्रभावित जिले में अगर पूर्व की घटनाओं का जिक्र करें तो चुनाव के दौरान कई ऐसी हिसक घटनाएं भी हुई है जिसमें चुनाव कार्य पूरी तरह से प्रभावित हो जाता है। इसे देखकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारी पूर्व से ही करना प्रारंभ कर दिया है। कन्या विद्यालय, बालिका हाई स्कूल, फतेहपुर संडा कॉलेज, परासी सहित कुल आठ विद्यालयों का चयन किया गया है जिसमे केंद्रीय बलों को रहने के लिए समुचित व्यवस्था भी निर्वाचन आयोग के निर्देश पर किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बल के ठहरने को लेकर सदर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश भी जारी किया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने जिलाधिकारी को भौतिक सत्यापन कर केंद्रीय बलों को ठहरने के लिए कई आवश्यक कमी को भी दर्शाते हुए एक सूची उपलब्ध कराई है।