हर हाल में अयोध्या में बनेगा भगवान श्रीराम का मंदिर
अरवल। हमेशा दो टूक बयान के लिए चर्चित रहने वाले केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने रविवार को राम मंदिर पर बयान देते हुए कहा कि हर हाल में अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बनेगा।
अरवल। हमेशा दो टूक बयान के लिए चर्चित रहने वाले केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने रविवार को राम मंदिर पर बयान देते हुए कहा कि हर हाल में अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बनेगा। सरकार सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार कर रही है। भगवान राम करोड़ों लोगों के आस्था के प्रतीक हैं। भारतीय जनता पार्टी मंदिर निर्माण को लेकर संकल्पित है। दरअसल केंद्रीय राज्य मंत्री पटना से औरंगाबाद जा रहे थे इसी बीच जिले की सीमा में प्रवेश करते ही कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। अपने स्वागत से अभिभूत मंत्री ने कहा कि इस राज्य के सभी 40 लोकसभा सीटों पर एनडीए उम्मीदवार की जीत होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सभी क्षेत्रों में विकास हो रहा है। किसान, मजदूर तथा अन्य गरीबों के लिए सरकार कई योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि दुनिया का यह पहला देश है जहां आयुष्मान योजना संचालित की गई है। अब पैसे के अभाव में कोई भी व्यक्ति इलाज से वंचित नहीं रहेगा। गरीब परिवार के लोगों को इलाज के लिए पांच लाख रूपए की व्यवस्था सरकार करेगी। स्वागत करने वालों में युवा मोर्चा के प्रदेश कार्य समिति सदस्य सचिदानंद पीयूष, नगर अध्यक्ष पंचम खत्री, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अमृत राज, दीपक शर्मा, राघवेंद्र कुमार, शंकर सहनी आदि लोग शामिल थे।