एसपी के जनता दरबार में लगा फरियादियों का तांता
अरवल। पुलिस अधीक्षक उमाशंकर प्रसाद के कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया।
अरवल। पुलिस अधीक्षक उमाशंकर प्रसाद के कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस मौके पर कई समस्याओं के साथ फरियादी फरियाद लगाने पहुंचे थे। नगर थाना क्षेत्र के मुरादपुर हुजरा निवासी बबिता देवी अपने पुत्र के साथ अप्राकृतिक यौनाचार को लेकर न्याय की गुहार लगाने पहुंची थी। उसका कहना था कि थाने में तो मामला दर्ज कर लिया गया है। केस वापस लेने के लिए दबाव आ रहा है। आरोपी जान मारने की धमकी तक दे रहे हैं। एसपी ने इसे गंभीरता से लेते हुए नगर थानाध्यक्ष को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।कई अन्य फरियादी प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के उपरांत आरोपियों को धड़ पकड़ नहीं किए जाने की शिकायत लेकर जनता दरबार में पहुंचे थे। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाने को उन मामलों पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आज के जनता दरबार में जो भी फरियादी आए हैं उन्हें पुन: इस तरह की शिकायत लेकर यहां नहीं आना पड़े। यदि उनलोगों की समस्याओं का निदान नहीं होगा तो संबंधित थाने की पुलिस कर्मियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।