खेल मैदान में जलजमाव पर सड़क जाम
अरवल। थाना मुख्यालय स्थित खेल मैदान में जलजमाव के कारण गुरुवार को युवाओं ने सड़क जाम करते हुए अपने गुस्से का इजहार किया।
अरवल। थाना मुख्यालय स्थित खेल मैदान में जलजमाव के कारण गुरुवार को युवाओं ने सड़क जाम करते हुए अपने गुस्से का इजहार किया। सेना तथा प्रांतीय पुलिस में भर्ती होने के उद्?देश्य से स्थानीय युवा इस मैदान पर दौड़ का अभ्यास करते थे लेकिन जलजमाव हो जाने के कारण उनलोगों को परेशानी हो रही थी। आक्रोशित युवाओं ने थाना मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-110 पर टायर जलाकर आवागमन को ठप कर दिया।युवाओं का कहना था कि एक ओर तो अन्य क्षेत्रों में नौकरी के लिए बहाली नहीं आ रही है। मिलाजुलाकर सेना तथा पुलिस के लिए ही हमलोग आवेदन दे पा रहे हैं। ऐसे में भी जब अभ्यास नहीं होगा तो सफलता कैसे मिलेगी। इस इलाके का एकमात्र मैदान होने के कारण हमलोगों के लिए अभ्यास करने का यह प्रमुख स्थान है। लेकिन इधर कई दिनों से जलजमाव के कारण अभ्यास करने में समस्या आ रही थी। इस संबंध में अधिकारियों से भी फरियाद लगाई गई थी। लेकिन कोई पहल नहीं होने के कारण सड़क जाम करना पड़ा। सड़क जाम की जानकारी मिलते ही बीडीओ प्रभाकर कुमार, सीओ जगदीश पासवान, राजस्व कर्मचारी नागेंद्र कुमार समेत कई गणमान्य लोग वहां पहुंचे। उन्होंने युवाओं की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुनते हुए उसके निदान का आश्वासन दिया। युवाओं का कहना था कि खेल मैदान में पश्चिम ओर से नाले का पानी आ जा रहा है। अधिकारियों ने उनलोगों को आश्वस्त किया कि जल्द ही इस समस्या का निदान हो जाएगा। तब जाकर उनलोगों का आक्रोश शांत हो सका और सड़क जाम हटाया गया। हालांकि इस दरम्यान जाम में फंसे लोगों का हाल काफी बेहाल हो गया था। अरवल, कुर्था, पाली तथा जहानाबाद की ओर जाने वाले यात्री घंटों परेशान रहे।