जनता दरबार में 25 मामले की हुई सुनवाई
अरवल। जिलाधिकारी के कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में सभी प्रखंडों से फरियादी फरियाद लेकर पहुंचे थे।
अरवल। जिलाधिकारी के कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में सभी प्रखंडों से फरियादी फरियाद लेकर पहुंचे थे। जिलाधिकारी रविशंकर चौधरी ने फरियादियों की फरियाद को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिया। इस जनता दरबार में भूमि विवाद, बिजली, शौचालय, वृद्धा पेंशन, इंदिरा आवास, राशन-किरासन तथा दिव्यांगता पेंशन से संबंधित 25 मामले निपटाए गए। किजर निवासी जतन सिंह ने दिव्यांगता पेंशन नहीं मिलने की शिकायत लेकर पहुंचे थे। उसका कहना था कि पहले पेंशन मिलता था लेकिन इधर बंद कर दिया गया है। इसपर जिलाधिकारी ने कल्याण पदाधिकारी को पहल करने का निर्देश दिया। करपी के कुसरे निवासी शकीला खातुन अपनी जमीन को कब्जा कर लेने की शिकायत लेकर यहां आई थी। जिसपर डीएम ने अंचलाधिकारी को जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया। इधर सदर प्रखंड के सकरी पंचायत के वार्ड संख्या छह में आंगनवाड़ी सेविका के चयन में फर्जीवाड़े का आरोप लेकर भी फरियादी पहुंचे थे। कागजी मोहल्ला निवासी कपिलदेव महतो कुछ लोगों के साथ होलिका दहन के स्थान को बदले जाने की मांग को लेकर यहां आए थे। उनका कहना था कि आसपास आवासीय मकान होने के कारण पूर्व के स्थान पर होलिका दहन में समस्या हो रही है। इसपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जांच करने का निर्देश दिया। हसनपुर गांव निवासी रामानुज शर्मा अपने भूमि पर कब्जा कर लिए जाने की फरियाद डीएम के समक्ष रखे जिसपर उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस मौके पर अपर समाहर्ता संजीव कुमार सिन्हा, उपविकास आयुक्त राजेश कुमार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।