कुर्था में महाजाम के कारण हलकान रहे लोग
अरवल। होली के त्योहार को लेकर प्रखंड मुख्यालय में खरीददारी करने आने वाले लोगों को मंगलवार को जाम की बड़ी समस्या का सामना करना पड़ा।
अरवल। होली के त्योहार को लेकर प्रखंड मुख्यालय में खरीददारी करने आने वाले लोगों को मंगलवार को जाम की बड़ी समस्या का सामना करना पड़ा। शकुराबाद मोड़ से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक गाड़ी जाम में फंसी रही। प्रशासन के लोग भी जाम हटाने में जुटे रहे। लेकिन उनलोगों के प्रयास के बावजूद भी घंटों यह स्थिति बनी रही। एक ओर जहां लोगों को होली को लेकर कपड़े तथा अन्य आवश्यक सामाग्रियों की खरीददारी करनी थी। जबकि जाम के कारण वे लोग आगे नहीं बढ़ पा रहे थे। जो लोग किराए की गाड़ी पर बाजार करने आए थे वे लोग तो गाड़ी छोड़कर पैदल ही चल दे रहे थे लेकिन कई लोग अपनी गाड़ी पर थे जो जाम से अनजान बाजार में प्रवेश कर गए थे। वे लोग घंटों फंसे रहे। जिन लोगों को इस जाम की जानकारी मिल रही थी वे बाजार से पहले ही अपनी गाड़ी खड़ा कर पैदल चलना ज्यादा मुनासिब समझ रहे थे। बताते चलें कि इस बाजार में जाम की समस्या आए दिन कायम हो जाती है। खासकर पर्व त्योहार के मौके पर यह और अधिक भयावह रूप ले लेता है। जाम के कारण दुकानदारों का व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा था। व्यवसायी होली को लेकर अपने दुकानों को बेहतर तरीके से सजा संवारकर रखे थे। लेकिन कई लोग जाम के कारण बाजार में प्रवेश भी नहीं कर पा रहे थे।