हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पालीगंज व अरवल पुलिस
अरवल। पांच दिन पहले सुनिल कुमार नामक युवक की हत्या की गुत्थी सुलझाने में पटना जिले के पालीगंज तथा अरवल पुलिस जुट गई है। शनिवार को पालीगंज के थानाध्यक्ष नंदकिशोर सिंह यहां पहुंचे और उन्होंने स्थानीय पुलिस के सहयोग से इसकी गुत्थी सुलझाने की कोशिश की।
अरवल। पांच दिन पहले सुनिल कुमार नामक युवक की हत्या की गुत्थी सुलझाने में पटना जिले के पालीगंज तथा अरवल पुलिस जुट गई है। शनिवार को पालीगंज के थानाध्यक्ष नंदकिशोर सिंह यहां पहुंचे और उन्होंने स्थानीय पुलिस के सहयोग से इसकी गुत्थी सुलझाने की कोशिश की। हालांकि पुलिस के अनुसार अब तक उसे हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। लेकिन वह इसे प्रेम प्रसंग से भी जोड़कर देख रही है। पुलिस एक लड़की की भी तलाश कर रही है जिसके साथ प्रेम प्रसंग की बात की जानकारी मिल रही है। पुलिस का मानना है कि साक्ष्य छिपाए जाने के उद्देश्य से ही उसकी हत्या कर शव को सोन नहर में डाल दिया गया था। घटना के दो दिनों बाद उसका क्षत विक्षत शव पालीगंज थाना क्षेत्र के महाबलीपुर के समीप से बरामद किया गया था। पालीगंज के थानाध्यक्ष नंदकिशोर सिंह ने बताया कि पुलिस कई बिदू पर जांच पड़ताल कर रही है लेकिन इस घटना का मुख्य कारण प्रेम प्रसंग माना जा रहा है। इधर मृतक के नजदीकी संबंधी जो वैदराबाद में रहते हैं उन्हें भी अपराधियों द्वारा धमकी दिया जा रहा है। उनके मोबाईल फोन पर लगातार धमकी दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मृतक अपने जीजा व पैक्स अध्यक्ष संजय कुमार के यहां वर्षों से रहता था तथा उनके व्यवसाय में सहयोग करता था। पुलिस इस बात की भी तहकीकात कर रही है कि कहीं उस व्यवसाय को लेकर तो उसकी हत्या नहीं की गई है। हालांकि धमकी दिए जाने के सिलसिले में नगर थाने में भी शिकायती पत्र दी गई है। इस घटना के संबंध में मृतक के भाई विजेंद्र कुमार के बयान के आधार पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। इधर मृतक के भतीजा का कहना है कि सुनिल के मोबाईल फोन पर हमेशा एक लड़की का फोन आता था। पुलिस उस नंबर को भी खंगाल रही है ताकि सीडीआर से कुछ जानकारी हासिल हो सके।