बोल बम के जयकारे से गूंजता रहा हाई स्कूल परिसर
एक ओर जहां सड़कों पर बोलबम के जयकारे गूंज रहे हैं। तो दूसरी ओर करपी बाजार बाबा के जयकारे से भक्ति में सराबोर हो रहा है।
अरवल । एक ओर जहां सड़कों पर बोलबम के जयकारे गूंज रहे हैं। तो दूसरी ओर करपी बाजार बाबा के जयकारे से भक्ति में सराबोर हो रहा है। सोमवार को देवकुंड स्थित बाबा दूधेश्वरनाथ पर जलाभिषेक करने के लिए बड़ी संख्या में कांवरियों का जत्था पहुंच रहा है। इन कांवरियों को विश्राम करने के लिए करपी कांवरिया संघ के द्वारा स्थानीय उच्च विद्यालय के प्रांगण में बनाए गए विश्राम गृह में कांवर रखने का स्टैंड कम पड़ गया। आयोजकों को भी इस बात की उम्मीद नहीं थी कि इतनी संख्या में कांवरियों का जत्था यहां पहुंचेगा। परिणामस्वरूप पहले से कांवर रखने के लिए बने स्टैंड कम पड़ गए। आनन फानन में संघ के लोगों ने नए स्टैंडों का निर्माण कराए। बताते चलें कि इस स्थान पर कांवरियों के विश्राम करने से लेकर नास्ता, भोजन तथा चिकित्सीय सेवा की व्यवस्था की गई है। कांवरिया संघ के अध्यक्ष व जिला पार्षद आनंद चंद्रवंशी ने बताया कि संघ के सभी लोग कांवरियों की सेवा में जुटे हैं। 112 किलोमीटर की लंबी दूरी तय कर कांवरिया यहां पहुंचे हैं। वे लोग देर रात्रि तक यहां विश्राम करेंगे उसके बाद वे लोग देवकुंड के लिए रवाना होंगे। सोमवार की सुबह कांवरिया दूधेश्वरनाथ पर जलाभिषेक करेंगे। कांवरियों के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। बाबा भोलेनाथ के जयकारे से वातावरण गुंजायमान हो रहा है। भोले शंकर के गीत पर लोग झूमते भी देखे जा रहे हैं। एक ओर कहें तो पूरा वातावरण शिवमय बना हुआ है।