तकनीकों की जानकारी प्राप्त कर वैज्ञानिक तरीके से करें खेती
अरवल। प्रखंड कार्यालय परिसर में गुरुवार को रबी महोत्सव का आयोजन किया गया।
अरवल। प्रखंड कार्यालय परिसर में गुरुवार को रबी महोत्सव का आयोजन किया गया। इस महोत्सव का उद्धाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर कुमार ने किया।इस मौके पर बीडीओ ने कहा कि तकनीकों की जानकारी प्राप्त कर वैज्ञानिक तरीके से खेती करने से ही कम भूमि में अधिक उपज होगी। उन्होंने कहा कि अब किसानों के पास जोत की जमीन काफी कम रह गई है। ऐसे में अधिक उपज के लिए नई तकनीकों का सहारा लेना जरूरी हो गया है। कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक सीएन चौधरी, निशांत प्रसाद तथा एके दास ने कहा कि रबी फसल का उत्पादन यदि वैज्ञानिक तरीके से किया जाएगा तो कम लागत में अधिक उपज प्राप्त होगा। उनलोगों ने कहा कि जीरो टिलेज से गेहूं की खेती करें। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को समय-समय पर आवश्यक कीटनाशक दवा तथा उर्वरकों के प्रयोग करने की भी सलाह दी। इस मौके पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी श्रीनिवास सिन्हा ने किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ लेने के लिए आपलोग किसी भी समय विभाग के अधिकारियों व कर्मियों से संपर्क कर सकते हैं। महोत्सव में प्रमुख प्रतिनिधि राधेश्याम शर्मा समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।