मशरूम की खेती करें तो महिलाओं को भी मिल सकता है रोजगार
अरवल। प्रखंड क्षेत्र के आगानूर पंचायत भवन में किसान चौपाल का आयोजन किया।
अरवल। प्रखंड क्षेत्र के आगानूर पंचायत भवन में किसान चौपाल का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया एवं समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया गया। कृषि समन्वयक ने किसान चौपाल कार्यक्रम के संबोधन में कहा के किसान श्री विधि अपनाकर नई तकनीक के साथ-साथ उन्नत बीज का चुनाव करते हैं तो आमदनी अच्छी होगी। नई तकनीक और उन्नत बीज से फसल का उत्पादन अधिक हो जाएगा। उन्होंने किसानों को कहा की सभी किसान अपने-अपने खेतों की मिट्टी की जांच करा लें। मिट्टी जांच कराने से यह पता चल जाएगा कि खेत में कौन सी खाद की मात्रा कितनी डालनी है। इसके अलावा पोषक तत्वों के संबंध में भी जानकारी मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि धान गेहूं के फसल के अलावा किसान सब्जी की खेती करें। सब्जी की खेती में किसानों को अधिक लाभ मिलेगा। इसके साथ ही सभी किसान अपने अपने घर के एक कमरे में मशरूम का उत्पादन कर सकते हैं। इससे घर की महिलाओं की बेरोजगारी की समस्या दूर हो सकती है। उन्होंने कहा कि किसान बीज उपचार कर ही खेतों में बीज डालें। रसायनिक खाद का उपयोग कम करें खेत में अधिकतर जैविक खेती का उपयोग करें। सभी किसान अपने अपने घरों में जैविक खाद तैयार करने के लिए वर्मी कंपोस्ट बनाएं वर्मी कंपोस्ट के लिए सरकार द्वारा प्रोत्साहन राशि निर्धारित है। कार्यक्रम में कृषि समन्वयक श्वेता रानी सिंह, शालिक सिंह, सुनील कुमार, लल्लन चंद्रवंशी, मनोज कुमार, सतीश कुमार समेत बड़ी संख्या में किसानों ने इस कार्यक्रम में शिरकत किया।