विद्युत स्पर्शाघात से बिजली मिस्त्री की मौत
अरवल। सदर थाना क्षेत्र के वासिलपुर टहल बिगहा निवासी बिजली मिस्त्री अशोक कुमार 25 वर्ष की मौत विद्युत स्पर्शाघात के कारण हो गई।
अरवल। सदर थाना क्षेत्र के वासिलपुर टहल बिगहा निवासी बिजली मिस्त्री अशोक कुमार 25 वर्ष की मौत विद्युत स्पर्शाघात के कारण हो गई। जैसे ही उस गांव के लोगों को इस दुखद घटना की जानकारी मिली गांव में मातम का माहौल कायम हो गया। दो भाईयों में बड़े होने के कारण उसी पर घर चलाने की जिम्मेदारी थी। एक साल के बेटे को देखभाल करने वाला भी नहीं है। वह अत्यंत ही निर्धन परिवार का था। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए और उनलोगों ने पटना-औरंगाबाद एनएच-139 को एसडीओ आवास के समीप शव के साथ जाम कर दिया। सड़क जाम कर रहे लोग पीड़ित परिवार के लोगों को मुआवजे दिए जाने की मांग कर रहे थे। सड़क जाम की जानकारी मिलते ही एसडीओ वहां पहुंची। उनके द्वारा कंपनी के लोगों से बातचीत करने का प्रयास किया गया। लेकिन उनलोगों से बात नहीं हो सकी। एसडीओ ने सड़क जाम कर रहे लोगों को आश्वस्त किया कि कंपनी द्वारा मुआवजा दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि उसके द्वारा मुआवजा नहीं दिया जाएगा तो उसके विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। एसडीओ के आश्वासन पर ही सड़क जाम समाप्त हुआ। इस बीच प्रखंड विकास पदाधिकारी सुशील कुमार ने पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रूपए का चेक दिया। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार अशोक आगानुर बिजली प्लांट में काम कर रहा था। वह कैप फोन कंपनी में रहकर बिजली मिस्त्री का काम करता था। वह बिजली का काम ही कर रहा था कि विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में चला गया। सबसे दुखद बात तो यह था कि उसके साथ काम कर रहे अन्य कर्मी उसके शव को छोड़कर भाग निकले। गनिमत थी कि पहली बार उसके साथ काम करने गए उसके गांव के एक युवक शव को लेकर अपना गांव टहल बिगहा चला गया।