डीएम के जनता दरबार में 30 लोगों की सुनी गई फरियाद
अरवल। जिलाधिकारी के कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस मौके पर विभिन्न प्रखंडों से कई फरियादी पहुंचे थे।
अरवल। जिलाधिकारी के कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस मौके पर विभिन्न प्रखंडों से कई फरियादी पहुंचे थे। इस मौके पर जिलाधिकारी ने 30 फरियादियों की समस्याओं की सुनवाई की। उन्होंने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को इसके निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। जनता दरबार में अधिकांश मामले भूमि विवाद, बिजली, शौचालय, पेंशन, आवास तथा राशन-किरासन से संबंधित थे। इस मौके पर करपी थाना क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी संजय शर्मा ने आरोप लगाया कि मुखिया द्वारा मनरेगा योजना के पैसे का बंदरवाट किया जा रहा है। इसपर जिलाधिकारी ने उपविकास आयुक्त को अविलंब जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कुर्था प्रखंड के बबलू कुमार सिन्हा ने अनुकंपा पर नौकरी की फरियाद जिलाधिकारी के समक्ष रखी। इसपर डीएम ने स्थापना को निर्देशित करते हुए कहा कि इसका शीघ्र निष्पादन करें। जनता दरबार में भदासी की कुमारी चंचला ने सेविका की बहाली में अनियमितता का आरोप लेकर पहुंची थी। वहीं कुर्था प्रखंड के खेमकरण सराय पंचायत की पूनम देवी ने पर्यवेक्षिका पर सेविका की बहाली में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी ने प्रोग्राम पदाधिकारी को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। टोला देवी का आरोप था कि ग्रामीणों द्वारा हस्ताक्षर कर सचिव पद के लिए चुनाव कराने का अनुरोध किया गया था जिसपर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस मौके पर उपविकास आयुक्त राजेश कुमार, उपसमाहर्ता संजीव कुमार सिन्हा, जिला कल्याण पदाधिकारी कृष्णा राम, स्थापना के उपसमाहर्ता राजेश रंजन समेत कई अधिकारी व कर्मी मौजूद थे।