देश में भाजपा ने कायम कर दी है अराजकता की स्थिति
अरवल। प्रखंड मुख्यालय में बुधवार को भाकपा माले के तत्वावधान में कैडर कन्वेंशन का आयोजन किया गया।
अरवल। प्रखंड मुख्यालय में बुधवार को भाकपा माले के तत्वावधान में कैडर कन्वेंशन का आयोजन किया गया। कन्वेंशन की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद ने की। इस अवसर पर पार्टी नेता उमेश पासवान तथा सूर्यनाथ वर्मा भी उपस्थित थे। कन्वेंशन में विभिन्न पंचायतों के प्रभारी ने प्रगति रिपोर्ट पेश की। इस कन्वेंशन के माध्यम से शाखा की बैठक,बूथों पर सक्रियता तथा सदस्यता नवीकरण पर जोर दिया गया। जिला सचिव महानंद ने कहा कि नए वर्ष में आंदोलन को तेज करना है। उन्होंने कहा कि आगामी लोक सभा चुनाव के पहले भाजपा भगाओ, देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ अभियान को तेज कर आम आवाम को भाजपा के खिलाफ खड़ा करना है। सचिव ने कहा कि देश में भाजपा ने अराजकता की स्थिति पैदा कर दी है। आरएसएस और बीजेपी के लोग आम लोगों से देशभक्ति का सर्टिफिकेट मांगते फिर रहे हैं। इनलोगों को देशभक्ति से कोई लेना देना नहीं है।आम जनता, किसान-मजदूर,छात्र-नौजवान, महिलाओं के लिए इन सरकारों के पास कोई संवेदना नहीं है। इनके समस्याओं के समाधान के लिए इनके पास कोई ठोस उपाए नहीं है। महानंद ने कहा कि खतरनाक तानाशाही व्यवस्था के खिलाफ जोरदार तरीके से आंदोलन करने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि नौजवान अब एकजुट होकर आवाज को बुलंद कर रहे हैं। इसके अलावा केरल की भारी संख्या में महिलाएं सड़क पर उतरकर साल के पहले दिन ही भाजपा के मनुवादी, पितृस्ता के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरु कर दी है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से आगामी लोकसभा चुनाव के पूर्व आम जनता के ज्वलंत मुद्दों के सवाल पर उन्हें गोलबंद करने की अपील की। माले नेता ने आगामी आठ जनवरी को आयोजित आम हड़ताल को सफल बनाने के लिए भारी संख्या में आशा कर्मी, आंगनबाड़ी, रसोईया समेत किसान-मजदूरों को शामिल होने की अपील की । नौ जनवरी को आहूत बिहार बंद को ऐतिहासिक बनाने को लेकर लोगों को एकजूट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पीडीएस से लेकर अन्य विभागों में भ्रष्टाचार और घुसखोरी चरम सीमा पर है। इसके खिलाफ हमलोगों को एकजुट होकर जोरदार आवाज उठाने की जरुरत है। शौचालय, पक्का मकान,वृद्धा पेंशन ,राशन- किरासन में धांधली बदस्तूर जारी है जिसे आंदोलन के जरिए ही समाप्त किया जा सकता है। राज्य कमेटी सदस्य जितेंद्र यादव ने कहा कि हमें जो जिम्मेदारी मिली है उसे पूरा करते हुए इस प्रखंड के आम आवाम के ज्वलंत सवालों को लेकर जोरदार आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि करपी में प्रस्तावित जिला सम्मेलन की सफलता को लेकर बैठक आयोजित की जा रही है।ब्रांचों की बैठक कर पुर्नगठन एवं सदस्यता नवीकरण की प्रकिया तेज की गई है। कन्वेंशन को सुरेंद्र प्रसाद, उमेश पासवान, सूर्यनाथ ¨सह, प्रमोद, त्यागी जी समेत कई कार्यकर्ताओं ने संबोधित किया।