उपवास रख आशा कार्यकर्ताओं ने दिया धरना
अरवल। एक महीने से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर गई आशा कर्मियों ने बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ ही सदर अस्पताल परिसर में धरना दिया।
अरवल। एक महीने से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर गई आशा कर्मियों ने बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ ही सदर अस्पताल परिसर में धरना दिया। उनलोगों ने साफ तौर पर कहा कि हमलोग 15 सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। यदि सरकार उनकी मांगे नहीं मानती है तो उनका आंदोलन चलता रहेगा। आशा कर्मी ललिता कुमारी,पुनम कुमारी, किरण कुमारी तथा सुनिता कुमारी आदि लोगों ने कहा कि वे लोग 18 हजार रुपए मानदेय लेकर रहेंगी। उनलोगों ने कहा कि सरकार बंधुआ मजदूर की तरह लेती है लेकिन जब हमलोग मानदेय की मांग करते हैं तो कार्रवाई की जाती है। आशा कर्मियों ने मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ नारेबाजी भी की। कहा कि हड़ताल के कारण टीकाकारण का कार्य प्रभावित हो रहा है। अस्पतालों में मरीजों की संख्या घट रही है। कलेर में धरना पर बैठी संजू देवी,रीता देवी आदि आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक महीने से शांतिपूर्ण आंदोलन किया जा रहा है। हमलोग भूख हड़ताल शुरु कर दिए हैं। एक महीने तक सरकार उनलोगों की सब्र की परीक्षा लेती रही।अब उनलोगों ने यह फैसला लिया है कि वे लोग सरकार के आगे समर्पण नहीं करने वाले हैं। उनलोगों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नारी सशक्तिकरण की बात को छलावा करार दिया।