अरवल में रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी रंगेहाथ गिरफ्तार, जमीन की मापी सुधारने के लिए मांगे थे 20 हजार
अरवल में निगरानी विभाग ने रामपुर वैना पंचायत के राजस्व कर्मचारी शिवमंगल पासवान को 16 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ ...और पढ़ें

सफेद शर्ट में राजस्व कर्मचारी
HighLights
राजस्व कर्मचारी शिवमंगल पासवान 16 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार।
जमीन मापी सुधारने के लिए 20 हजार रुपये की मांग की थी।
निगरानी टीम ने बैदराबाद बाजार में रंगेहाथ दबोचा कर्मचारी को।
जागरण संवाददाता, अरवल। जिले के सदर प्रखंड की रामपुर वैना पंचायत में तैनात राजस्व कर्मचारी शिवमंगल पासवान को निगरानी विभाग की टीम ने गुरुवार को 16 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। जमीन की मापी में सुधार करने के एवज में परिवादी से कुल 20 हजार रुपये की मांग की गई थी।
इसमें चार हजार रुपये पहले ही ऑनलाइन दिए जा चुके थे, जबकि बाकी 16 हजार रुपये लेते समय निगरानी टीम ने कर्मचारी को दबोच लिया।
जमीन की मापी सुधारने के नाम पर मांगी रकम
अरवल सदर थाना क्षेत्र के उमैराबाद बाजार निवासी रविंद्र कुमार सोनी ने राजस्व कर्मचारी पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के अनुसार जमीन की मापी में सुधार करने के लिए 20 हजार रुपये की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले की प्रारंभिक जांच की।
शिकायत सही मिली तो बनाई गई धावादल की टीम
निगरानी विभाग के डीएसपी वसीम फिरोज के अनुसार, इसी महीने रिश्वत मांगने की शिकायत प्राप्त हुई थी। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद मामला दर्ज किया गया और आरोपित को पकड़ने के लिए धावादल का गठन किया गया। इसके बाद टीम ने तय योजना के तहत कार्रवाई शुरू की।
बैदराबाद बाजार में 16 हजार लेते ही दबोचा
गुरुवार को निगरानी विभाग की टीम ने बैदराबाद बाजार में कार्रवाई की। जैसे ही राजस्व कर्मचारी ने परिवादी से 16 हजार रुपये नकद लिए, टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपित कर्मचारी को सर्किट हाउस ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
चार हजार रुपये पहले ही ऑनलाइन देने का आरोप
जांच के दौरान सामने आया कि परिवादी ने कथित तौर पर रिश्वत की कुल रकम में से चार हजार रुपये पहले ही ऑनलाइन दिए थे। इसके बाद 16 हजार रुपये नकद देने की बात तय हुई थी। इसी रकम को लेते समय निगरानी टीम ने कार्रवाई कर कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया।
पटना ले जाएगी निगरानी टीम, विशेष अदालत में होगी पेशी
डीएसपी वसीम फिरोज ने बताया कि गिरफ्तार राजस्व कर्मचारी को निगरानी विभाग की टीम पटना ले जाएगी। वहां निगरानी की विशेष अदालत में उसे पेश किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच प्रक्रिया जारी है।
अरवल में नया मकान बनाकर रह रहा था कर्मचारी
गिरफ्तार राजस्व कर्मचारी शिवमंगल प्रसाद मूल रूप से कलेर प्रखंड के बुलाकी बिगहा गांव का रहने वाला बताया गया है। वह वर्तमान में सदर थाना क्षेत्र के ओझा बिगहा गांव में नया मकान बनाकर रह रहा था। निगरानी विभाग अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रहा है।
