गाय के लिए मां करंट की चपेट में आई, बचाते-बचाते अग्निवीर बेटा भी गंवा बैठा जान; अरवल में दर्दनाक घटना
अरवल के झुनाठी गांव में गाय को करंट से बचाने के प्रयास में एक माँ और उसके अग्निवीर बेटे की ...और पढ़ें

अरवल सदर अस्पताल से शव लेकर जाते स्वजन। जागरण
संवाद सहयोगी, किंजर (अरवल)। किंजर थाना क्षेत्र के झुनाठी गांव में बुधवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना में मां और बेटे की मौत हो गई।
गाय को करंट से बचाने में मां और मां को करंट से बचाने में बेटे की जान चली गई, हालांकि गाय की जान बच गई। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया।
मृतकों में हरेराम शर्मा की 50 वर्षीय पत्नी सीमा देवी और उनका 19 वर्षीय पुत्र शुभम कुमार शामिल है। शुभम का अग्निवीर में चयन हो गया था।
ट्रांसफॉर्मर के स्टेक में आ रहा था करंट
ग्रामीणों ने बताया कि हरेराम शर्मा की गाय घास चरते हुए घर के समीप लगे ट्रांसफार्मर के करीब चली गई, जहां बिजली का तार लटक रहा था।
यह देख गाय को बचाने के लिए सीमा देवी ट्रांसफार्मर के करीब पहुंच गई और वहां से गाय को भगा दी। इसी बीच महिला ट्रांसफार्मर के स्टेक की चपेट में आ गई, जिसमें करंट आ रहा था।
करंट लगने से महिला छटपटाने लगी, यह देख पुत्र शुभम कुमार अपनी मां को बचाने के लिए दौड़ा और वह भी करंट की चपेट में आ गया।
स्वजन व ग्रामीणों की नजर पड़ी तो मां- बेटे को किसी तरह वहां से गंभीरत अवस्था मे इलाज के लिए आनन फानन अरवल सदर अस्पताल ले गए।
डॉक्टर ने जांच के उपरांत दोनों को मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि यह घटना बिजली विभाग की लापरवाही का नतीजा है।
ग्रामीणों ने कहा-बिजली विभाग की लापरवाही
ट्रांसफार्मर के समीप लटके बिजली के तार व स्टेक में करंट प्रवाहित होने की सूचना विभाग को कई बार दी गई थी, लेकिन विभागीय कर्मी लापरवाह बने रहे, जिससे मां-बेटे की जान चली गई।
हरेराम शर्मा के दो पुत्र थे, जिसमें छोटे पुत्र की मौत हो गई। एक पुत्री है, जिसकी शादी हो चुकी है। बड़ा पुत्र चंदन कुमार बिहार पुलिस में चयनित होने के बाद अभी एक सप्ताह पूर्व प्रशिक्षण के लिए गया है।
छोटा बेटा शुभम का अग्नि वीर में चयन हो चुका था, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। सीमा देवी पशुपालन कर घर परिवार चलाती थीं।
