नरपतगंज में युवक की गोली मारकर हत्या
अररिया। नरपतगंज प्रखंड की गौड़राहा बिशनपुर पंचायत के मुखिया अमरेंद्र यादव के 28 वर्षीय चचे
अररिया। नरपतगंज प्रखंड की गौड़राहा बिशनपुर पंचायत के मुखिया अमरेंद्र यादव के 28 वर्षीय चचेरे भांजे शिवशंकर उर्फ सिटू यादव की बुधवार की रात लाठी-डंडे से पिटाई करने के बाद सीने में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते हीं फारबिसगंज एसडीपीओ मनोज कुमार और नरपतगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेज दिया। छातापुर-परवाहा मुख्य मार्ग पर बरियारपुर छोटी नहर पुल के पास सिटू का शव बरामद हुआ। घटना स्थल से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर ही उसका घर है। मृतक के पिता रामप्रकाश यादव उर्फ उपेंद्र यादव ने पुलिस को बताया कि उसके पुत्र के मोबाइल पर किसी ने फोन कर करीब 10 बजे रात में बुलाया था। उसने बताया कि गांव के कृत्यानंद यादव व उनके एक साथी तामगंज निवासी गुलशन यादव ने सूचना दी कि विजय बहरदार, प्रमोद मंडल व सर्वेश यादव सहित आधा दर्जन अज्ञात लोगों के साथ मिलकर सिटू यादव की लाठी-डंडे से पिटाई कर रहे थे। दोनों पूर्णिया से बाइक से आ रहे थे। मृतक के पिता के आवेदन पर पुलिस उपरोक्त नामजद व अज्ञात लोगों की तलाश कर रही है। घटनास्थल पर से पुलिस को मृतक का मोबाइल नहीं मिला। पुलिस मृतक के मोबाइल का कॉल डिटेल भी निकाल रही है।
फारबिसगंज डीएसपी ने बताया कि विजय बहरदार अपराधी चरित्र का रहा था। उस पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। गौरतलब है कि हाल ही में विजय बहरदार ने पंचायत के मुखिया अमरेंद्र यादव पर शराब के नशे में धुत होकर हवाई फायरिग करने और मारपीट करने का आरोप लगाया था। इसके आलोक में पुलिस ने मुखिया की गिरफ्तारी भी की थी। लेकिन, एक ही दिन में मुखिया जेल से जमानत पर छूट गया था। डीएसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम में गोली मारे जाने की पुष्टि हुई है। लेकिन, गोली शरीर से छेद कर बाहर निकल गई है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना को लेकर गांव में मातमी माहौल है। भय से गांववासी सहमे हुए हैं। ग्रामीणों ने एसपी धूरत शायली से अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।