बिहार: गड्ढे में जा गिरी बारात से लौटती स्कॉर्पियो, छह बच्चों की दर्दनाक मौत
बिहार के अररिया में बारात से लौटती एक स्कॉर्पियो पानी भरे गड्ढ़े में जा गिरी। दुर्घटना में छह बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की पूरी जानकारी के लिए पढ़ें यह ,खबर।
पटना [जेएनएन]। बिहार के अररिया में मंगलवार को मौत की सुबह हुई। बारातियों से भरी एक गाड़ी पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी। दुर्घटना में छह बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना अररिया के ताराबाड़ी थाना के चिकनी गांव के पास मंगलवार को सुबह के पहले हुई।
मिली जानकारी के अनुसार चिकनी गांव में एक बारात में शामिल होकर कुछ लोग बौंसी थाना क्षेत्र के डोरियारी लौट रहे थे। इसी दौरान ताराबाड़ी थाना के दभरा गांव के पास उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद गाड़ी निकटवर्ती तालाब में गिरी गई। दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार गाड़ी पर से चालक का नियंत्रण खो देना बताया जा रहा है।
दुर्घटना में छह बच्चे मौके पर ही मारे गए। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने राहत व बचाव कार्य शुरु किए। मृतकों की शिनाख्त फिलहाल नहीं हो सकी है।