पूजा पंडालों में नहीं बजेगा डीजे
अररिया। दुर्गा पूजा को लेकर महलगांव थाना परिसर में शनिवार को शांति समिति की बैठक थानाध्
अररिया। दुर्गा पूजा को लेकर महलगांव थाना परिसर में शनिवार को शांति समिति की बैठक थानाध्यक्ष प्रेम बल्लभ मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों को संबोधित करते हुए सीओ अरविद कुमार अजीत तथा थानाध्यक्ष ने कहा कि पर्व के शांतिपूर्ण संपन्न कराने में जन सहयोग आवश्यक है। सभी लोग मिलकर खुशी खुशी पर्व मनाएं। थानाध्यक्ष ने कहा कि महलगांव थाना क्षेत्र में चार स्थल पर दुर्गा पूजा होती है जिसमें टेकनी, उखवा, कलकली, बागनगर शामिल है। चारो पूजा समिति को लाइसेंस दे दिया गया है। साथ ही साथ पंडाल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश भी समिति सदस्यों को दे दी गई है। डीजे बजाने पर रोक रहेगी। शराब और नशीले पदार्थों के सेवनकर्ता पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। पर्व के दौरान असमाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गश्त पूजा के दौरान तेज कर दी जाएगी। बैठक में मौजूद मुखिया, सरपंच सहित सभी गणमान्य लोगों ने पर्व के शांतिपूर्ण निष्पादन में सहयोग की बात कही।