विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल हिंसा के 16वें दिन भी भारत-नेपाल सीमा सील; अर‍र‍िया में एसएसबी हाई अलर्ट पर, आवाजाही पर पूरी तरह लगी रोक

Published: Wed, 12 Aug 2026 07:15 AM (GMT+05:30)

नेपाल के कप्तानगंज में 26 जुलाई को भड़की सांप्रदायिक हिंसा के 16वें दिन भी भारत-नेपाल सीमा सील है, जिससे अररिया ...और पढ़ें

26 जुलाई को सुनसरी के देवानगंज में भड़की सांप्रदायिक हिंसा के बाद फुलकाहा से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा सख्त

26 जुलाई को सुनसरी के देवानगंज में भड़की सांप्रदायिक हिंसा के बाद फुलकाहा से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा सख्त

HighLights

  1. नेपाल हिंसा के 16वें दिन भी भारत-नेपाल सीमा सील।

  2. अररिया में एसएसबी हाई अलर्ट पर, सघन गश्त जारी।

  3. सीमा पार आवाजाही पर रोक से जनजीवन प्रभावित हुआ।

संवाद सूत्र, फुलकाहा (अररिया)। नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज गांवपालिका अंतर्गत कप्तानगंज में बीते 26 जुलाई को भड़की सांप्रदायिक हिंसा का असर 16वें दिन भी भारत-नेपाल सीमा पर साफ दिखाई दे रहा है। नरपतगंज प्रखंड के फुलकाहा थाना क्षेत्र से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा बल पूरी तरह मुस्तैद हैं।

सीमा पार आम नागरिकों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक बरकरार है। एसएसबी (SSB) के जवान हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। इसके चलते सीमावर्ती गांवों के लोगों का जनजीवन खासा प्रभावित हुआ है। रोजमर्रा की जरूरतें, छोटा-मोटा व्यापार और दोनों देशों के बीच होने वाला सामाजिक संपर्क पूरी तरह ठप पड़ा है।

कांवर यात्रा विवाद से भड़की थी हिंसा, चार लोगों की हुई थी मौत

उल्लेखनीय है कि 26 जुलाई की रात नेपाल के कप्तानगंज में कांवर यात्रा के दौरान उपजा विवाद देखते ही देखते हिंसक सांप्रदायिक झड़प में बदल गया था। स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान हुई पुलिस फायरिंग और हिंसा में चार लोगों की जान चली गई थी।

घटना में तीन युवकों की मौत के बाद नेपाल के विभिन्न हिस्सों में तनाव और फैल गया था, जिसके बाद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर तक कड़ा कर दिया गया था।

फुलकाहा और मानिकपुर क्षेत्र में सघन गश्त, संयुक्त फ्लैग मार्च जारी

वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए फुलकाहा, मानिकपुर, कोशिकापुर और पथराहा सहित सीमावर्ती इलाकों में एसएसबी जवान लगातार सघन गश्त कर रहे हैं। सीमा पर बने प्रत्येक प्रवेश द्वार और पगडंडियों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है ताकि कोई भी असामाजिक तत्व भारतीय सीमा में प्रवेश न कर सके। समय-समय पर पुलिस व एसएसबी का संयुक्त फ्लैग मार्च निकालकर ग्रामीणों से शांति व सतर्कता बनाए रखने की अपील की जा रही है।

फुलकाहा बीओपी प्रभारी व सहायक सेनानायक राणा कुमार ने बताया कि जवान 24 घंटे हाई अलर्ट पर हैं। स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक सीमा पर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और उच्च अधिकारियों के निर्देशों का सख्ती से पालन किया जा रहा है।