विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अररिया: 'मेरे बेटे की गर्दन मरोड़ी...', शिक्षक पर बीमार छात्र की बेरहमी से पिटाई का आरोप

Published: Tue, 11 Aug 2026 07:51 PM (IST)

फारबिसगंज के शिशु भारती स्कूल में एक शिक्षक ने चौथी कक्षा के छात्र हर्षित केशव की बेरहमी से पिटाई की, ...और पढ़ें

'मेरे बेटे की गर्दन मरोड़ी...', शिक्षक पर बीमार छात्र की बेरहमी से पिटाई का आरोप

'मेरे बेटे की गर्दन मरोड़ी...', शिक्षक पर बीमार छात्र की बेरहमी से पिटाई का आरोप

संवाद सूत्र, फारबिसगंज (अररिया)। फारबिसगंज छुआपट्टी स्थित शिशु भारती में मंगलवार को एक छात्र की शिक्षक द्वारा कथित रूप से बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। घटना में चौथी कक्षा का छात्र हर्षित केशव गंभीर रूप से घायल हो गया।

छात्र की मां ने आरोप लगाया है कि शिक्षक ने पिटाई के दौरान उसके बेटे की गर्दन मरोड़ दी। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरातफरी मच गई। वहीं, घटना की जानकारी पर बड़ी संख्या में छात्र के स्वजन के साथ स्थानीय लोग भी पहुंच गए और विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा हुआ।

आक्रोशित लोगोंं ने शिक्षक की भी पिटाई कर दी। घायल छात्र हर्षित केशव पुत्र मनोज कुमार गोढ़ियारी चौक फारबिसगंज का रहने वाला है। वहीं आरोपित शिक्षक आशिम दत्ता है।

इधर, घटना की जानकारी मिलते हीं थानाध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे और शिक्षक को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने शिक्षक का भी अस्पताल में इलाज कराया।

वहीं, घायल छात्र को भी इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज ले जाया गया। जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक उपाधीक्षक डॉ. आशुतोष कुमार एवं डॉ. नवल किशोर ने घायल बच्चे की इलाज की। चिकित्सक ने बताया कि बच्चे के गर्दन में चोट आई है।

अस्पताल में इलाजरत छात्र हर्षित केशव ने बताया कि विद्यालय में अचानक उसकी तबीयत खराब लग रही थी। उन्होंने शिक्षक आशिम दत्ता को इसकी जानकारी दी। उसकी बात सुनकर शिक्षक नाराज हो गए और बुरी तरह पिटाई कर दी।

अस्पताल में मौजूद छात्र के स्वजनों ने भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान बच्चे की गर्दन भी मरोड़ दी गई। जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई।

इधर, मामले में पूछे जाने पर आरोपित शिक्षक ने कहा कि उस पर लगाया गया आरोप बेबुनियाद है। इस प्रकार की कोई घटना नहीं हुई है। विद्यालय के प्रिंसिपल रमेश कुमार झा ने बताया कि बच्चे को पीटने की घटना उन्हें मालूम है। जानकारी मिलने पर बच्चे का प्राथमिक उपचार भी विद्यालय में किया गया।

उन्होंने घटना को लेकर सभी बिंदुओं पर जांच करने की बात कही है। समाचार प्रेषण तक विद्यालय प्रबंधन एवं घायल छात्र के स्वजनों की ओर से सुलह किया जा रहा था। थानाध्यक्ष ने मामले में लिखित शिकायत मिलने के उपरांत अग्रेतर कार्रवाई की बात कही है।