जहरीली गैस ने ली दो मजदूरों की जान, चार की हालत गंभीर
बिहार के अररिया जिले में शौचालय की निर्माणाधीन टंकी में दम घुटने से दो मजदूरों की मौत हो गई, वहीं चार की हालत गंभीर बनी हुई है।
अररिया [जेएनएन]। बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज शहर में निर्माणाधीन शौचालय की टंकी साफ करने उतरे दो मजदूरों की जहरीली गैस रिसाव की वजह से मौत हो गई। साथ ही चार अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। उनका इलाज फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद फारबिसगंज में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया है।
जानकारी के अनुसार, फारबिसगंज शहर के लक्ष्मी नारायण मंदिर के समीप मुन्ना गुप्ता के निर्माणाधीन घर में बने रहे शौचाल की टंकी की सेंट्रिग खोलनी थी। एक मजदूर जब सेंट्रिंग खोलने नीचे उतरा तो वापस उपर नहीं आया। उसे देखने के लिए टंकी में दूसरा मजदूर गया, वह भी वापस नहीं लौटा। दोनों के वापस उपर न आने से चिंतित अन्य मजूदर जब टंकी में गए तो सभी बेहोश होने लगे। एक के बाद एक छह मजदूर बेहोश हो गए। इनमें से दो की मौत हो गई। वहीं, चार अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।
इस बाबत फारबिसगंज के बीडीओ विजय चंद्रा ने बताया कि पीड़ित परिजनों को मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत तत्काल 20 -20 हजार रूपये दिए जा रहे हैं। साथ ही असंगठित कामगार घटना बीमा योजना के तहत 1-1 लाख रूपये भी दिए जाएंगे। मृतकों के नाम महेश मंडल और नारायण मंडल बताये जा रहे हैं, जो हरिपुर गांव के रहने वाले थे।