विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में शराब के लिए मची लूट, अररिया में ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होते ही बोतलें लेकर भागे लोग

Published: Fri, 02 Oct 2026 04:53 PM (IST)

बिहार में शराबबंदी के बावजूद गांधी जयंती पर अररिया के रानीगंज में शराब लदा ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद ग्रामीणों ने शराब लूट ली।

HighLights

  1. रानीगंज-अररिया मार्ग पर शराब लदा ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

  2. दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने मौके पर शराब लूट ली।

  3. पुलिस ने ट्रक जब्त कर जांच शुरू की, चालक फरार।

संवाद सूत्र, रानीगंज (अररिया)। बिहार में शराबबंदी लागू है और गांधी जयंती को देशभर में ड्राई डे के रूप में मनाया जा रहा है।

इसके बावजूद शुक्रवार को रानीगंज-अररिया मार्ग स्थित एनएच-327 ई पर खरहट टोल प्लाजा के समीप शराब लदे ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद शराब लूटने की होड़ मच गई।

देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और अन्य लोग ट्रक से शराब की बोतलें निकालकर ले जाने लगे। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, छह पहिया ट्रक संख्या एएस 25 ईसी 0644 पर विभिन्न ब्रांड की भारी मात्रा में शराब लदी थी। खरहट टोल प्लाजा के समीप ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बोर्ड से टकरा गया।

हादसे में चालक के घायल होने के बाद उसका वाहन पर से नियंत्रण समाप्त हो गया। कुछ दूरी तय करने के बाद ट्रक सड़क किनारे रुक गया। इसके बाद चालक और सहचालक मौके से फरार हो गए।

ट्रक के रुकते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। इसके बाद ट्रक में लदी शराब को निकालकर ले जाने का सिलसिला शुरू हो गया।

बड़ी संख्या में लोगों ने लूटी बोतलें 

देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग शराब की बोतलें लेकर वहां से निकलने लगे। बताया जा रहा है कि काफी मात्रा में शराब ग्रामीणों द्वारा लूट ली गई। घटना के दौरान कई लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया, जो अब पुलिस के संज्ञान में आया है।

घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस द्वारा शराब की मात्रा और ट्रक में लदे विभिन्न ब्रांडों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

साथ ही चालक और सहचालक की तलाश की जा रही है। मौके पर पहुंचे अररिया एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि ट्रक से शराब लूटे जाने से संबंधित कुछ वीडियो पुलिस को प्राप्त हुए हैं। मामले की जांच की जा रही है।

ट्रक के मालिक का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले में ट्रक मालिक की भूमिका की भी जांच होगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फरार चालक की तलाश भी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही हैं।

यह भी पढ़ें- पटना में 'स्कूटी दीदी' से बदसलूकी और मारपीट, गश्त के दौरान महिला पुलिसकर्मी को जड़ा थप्पड़