विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के रोहन अमेरिका के टॉप 200 गणितज्ञों में हुए शामिल; गण‍ित, अर्थशास्त्र व रिसर्च में रुचि, UC बर्कले में पढ़ेंगे

Published: Thu, 20 Aug 2026 09:02 AM (IST)

अररिया के रोहन झा अमेरिका के प्रतिष्ठित यूसी बर्कले में स्नातक की पढ़ाई करेंगे, जहाँ वे अर्थशास्त्र, गणित और कंप्यूटिंग ...और पढ़ें

ब‍िहार के अरर‍िया फुलवाड़ी निवासी रोहन झा

ब‍िहार के अरर‍िया फुलवाड़ी निवासी रोहन झा

HighLights

  1. रोहन झा यूसी बर्कले में स्नातक की पढ़ाई करेंगे।

  2. अमेरिका के शीर्ष 200 हाई-स्कूल गणितज्ञों में शामिल।

  3. वैश्विक मुद्दों पर डेटा-संचालित शोध को मिली पहचान।

जागरण संवाददाता, अररिया। बिहार के अररिया जिले के होनहार लाल ने वैश्विक स्तर पर जिले और पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। अररिया सदर प्रखंड अंतर्गत ग्राम फुलवाड़ी निवासी और वर्तमान में अमेरिका में कार्यरत इंजीनियर बलराम सुमन के पुत्र रोहन झा संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के विश्वप्रसिद्ध 'यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले' (UC Berkeley) से स्नातक (Undergraduate) की पढ़ाई शुरू करेंगे।

अमेरिका के कई नामचीन और प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों से प्रवेश प्रस्ताव (Admission Offer) मिलने के बाद रोहन ने यूसी बर्कले को चुना, क्योंकि यह संस्थान अर्थशास्त्र, गणित, कंप्यूटिंग और शोध के क्षेत्र में दुनिया भर में शीर्ष पायदान पर है।

1000 छात्रों में 4th रैंक, टॉप 200 गणितज्ञों में शामिल

रोहन के पिता बलराम सुमन ने बताया कि रोहन ने अमेरिका के टेक्सास स्थित 'सिंको रेंच हाई स्कूल' (Cinco Ranch High School) में पढ़ाई के दौरान करीब 1,000 विद्यार्थियों के बैच में चौथा (4th) स्थान प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का लोहा मनवाया था। गणित में बचपन से ही विलक्षण प्रतिभा के धनी रोहन ने राष्ट्रीय स्तर की गणित प्रतियोगिताओं में असाधारण प्रदर्शन करते हुए अमेरिका के 'शीर्ष 200 हाई-स्कूल गणितज्ञों' की सूची में अपनी जगह बनाई।

वैश्विक मुद्दों पर डेटा-संचालित शोध को मिली पहचान

रोहन ने बेहद कम उम्र में अर्थशास्त्र, बालिका शिक्षा (Girl Child Education) और कार्बन उत्सर्जन (Carbon Emission) जैसे ज्वलंत वैश्विक मुद्दों पर डेटा-संचालित गहन विश्लेषण किया है। उनके शोध को अंतरराष्ट्रीय अकादमिक जगत में व्यापक सराहना मिली है। खास बात यह है कि उनके शोध कार्यों में दुनिया भर के लगभग 40 अन्य शोधकर्ताओं का सहयोगात्मक योगदान रहा है, जिसने रोहन को अल्पायु में ही अंतरराष्ट्रीय रिसर्च इकोसिस्टम से जोड़ दिया है।

6 नोबेल विजेताओं के विभाग में करेंगे पढ़ाई

उल्लेखनीय है कि 1868 में स्थापित यूसी बर्कले दुनिया के सर्वश्रेष्ठ सार्वजनिक विश्वविद्यालयों में गिना जाता है। बर्कले का अंडरग्रेजुएट इकोनॉमिक्स प्रोग्राम अमेरिका में नंबर-1 है और इसके अर्थशास्त्र विभाग से अब तक छह नोबेल पुरस्कार विजेता निकल चुके हैं।

वहीं, 'मैनहट्टन प्रोजेक्ट' के वैज्ञानिक निदेशक और पहले परमाणु बम के जनक जे. रॉबर्ट ओपेनहाइमर भी इसी संस्थान में भौतिकी के प्रोफेसर रहे थे। रोहन की इस असाधारण उपलब्धि पर उनके पैतृक गांव फुलवाड़ी सहित पूरे अररिया जिले में हर्ष का माहौल है और सभी लोग उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।