विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में आधार कार्ड से खाद की ऑनलाइन बुकिंग, बटाईदार किसानों को भी मिलेगा सीधा लाभ

Published: Tue, 08 Sep 2026 07:03 PM (IST)

बिहार में अब किसानों को यूरिया और डीएपी जैसी खाद खरीदने के लिए आधार कार्ड के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग ...और पढ़ें

बिहार में आधार कार्ड से खाद की ऑनलाइन बुकिंग, बटाईदार किसानों को भी मिलेगा सीधा लाभ (AI Generated Image)

बिहार में आधार कार्ड से खाद की ऑनलाइन बुकिंग, बटाईदार किसानों को भी मिलेगा सीधा लाभ (AI Generated Image)

HighLights

  1. खाद खरीदने के लिए अब आधार कार्ड से ऑनलाइन बुकिंग होगी।

  2. बटाईदार किसानों को भी मिलेगा खाद की ऑनलाइन बुकिंग का लाभ।

  3. क्यूआर कोड के माध्यम से चयनित दुकान से खाद मिलेगी।

संवाद सूत्र, सिकटी (अररिया)। अब किसानों को यूरिया और डीएपी जैसी खाद (उर्वरक) खरीदने के लिए डिजिटल प्रणाली से गुजरना होगा। गैस सिलेंडर की तर्ज पर खाद की अग्रिम (एडवांस) ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी। किसानों को अब ऑनलाइन उर्वरक प्राप्त करने के लिए पूर्व से किसान निबंधन कराना अनिवार्य नहीं होगा।

राज्य सरकार की नई व्यवस्था के तहत केवल आधार कार्ड के माध्यम से भी उर्वरक की ऑनलाइन बुकिंग आसानी से की जा सकेगी। इस महत्वपूर्ण निर्णय से बटाईदार किसानों को भी सीधा लाभ मिलेगा, जिन्हें पहले औपचारिक निबंधन न होने से खाद के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

बटाईदार किसानों को ऑनलाइन आवेदन के दौरान उस संबंधित भूखंड का खाता नंबर दर्ज करना होगा, जिस पर वे खेती कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्हें बुआई वाले कुल रकबे की जानकारी भी पोर्टल पर भरनी होगी।

प्रखंड कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार झा ने बताया कि किसान स्वयं अपने मोबाइल से या किसान सलाहकार और कृषि समन्वयक की मदद से बुकिंग करा सकते हैं।

जितना रकबा उतना आवंटन:

लेखपाल अमित कुमार ने बताया कि किसान आईडी से लॉगिन करने पर भूमि का पूरा ब्योरा स्वतः प्रदर्शित होगा, जबकि आधार से आवेदन पर रकबा खुद दर्ज करना होगा। फसल के चयन के आधार पर प्रणाली में खाद की अनुशंसित मात्रा प्रदर्शित होगी, जिसे आवश्यकता अनुसार घटाया या बढ़ाया जा सकता है।

इसके बाद पंजीकृत खाद विक्रेताओं की सूची स्क्रीन पर आ जाएगी, जहां से किसान अपनी पसंद की दुकान चुन सकेंगे।

क्यूआर कोड से होगी आपूर्ति:

  • कृषि विभाग के अनुसार आवेदन प्रक्रिया पूरी होते ही किसान के मोबाइल पर एक विशेष क्यूआर कोड जारी कर दिया जाएगा।
  • किसान चयनित दुकान पर पहुंचकर यह कोड दिखाएंगे और पीओएस मशीन के जरिए तय सरकारी दर पर भुगतान कर खाद प्राप्त कर सकेंगे।
  • किसान अपनी सुविधा के अनुसार सीधे खाद विक्रेता के पास जाकर भी वहां से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं।

विक्रेताओं को मिला विशेष प्रशिक्षण:

कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार झा ने बताया कि वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए प्रखंड के उर्वरक विक्रेताओं को ऑनलाइन पोर्टल संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया है।

दुकानदारों से डेमो आवेदन कराकर प्रणाली की बारीकियां समझाई गईं है, ताकि वे किसानों की तकनीकी मदद कर सकें। इसके अलावा सभी कृषि समन्वयकों और किसान सलाहकारों को भी पूरी प्रक्रिया में किसानों का मार्गदर्शन करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।