अररिया में ग्रामीणों ने इंडो-नेपाल बार्डर रोड को किया जाम, बिजली समस्या के खिलाफ कर रहे प्रदर्शन
अररिया के सिकटी प्रखंड में ग्रामीणों ने बिजली की अनियमित आपूर्ति और लो वोल्टेज की समस्या को लेकर इंडो-नेपाल बॉर्डर ...और पढ़ें

मौके पर पहुंची पुलिस। फोटो जागरण
HighLights
सिकटी में ग्रामीणों ने बिजली समस्या पर सड़क जाम की।
अनियमित आपूर्ति और लो वोल्टेज से परेशान थे ग्रामीण।
अधिकारियों के आश्वासन पर छह घंटे बाद जाम खुला।
संवाद सूत्र, सिकटी (अररिया)। प्रखंड क़े मजरख पंचायत अन्तर्गत वार्ड संख्या एक और दो बौका मजरख के ग्रामीणों ने सोमवार की सुबह उफ़रेल चौक पर इंडो-नेपाल बार्डर रोड को जामकर यातायात अवरुद्ध कर दिया। बिजली की अनियमित आपूर्ति तथा लो वोल्टेज की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने संबंधित विभाग क़े खिलाफ नारेबाजी कर जमकर बवाल काटा। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले करीब दो वर्षों से बिजली समस्या के समाधान के लिए लगातार आवेदन दिए जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड संख्या एक और दो को मिलाकर मात्र एक ट्रांसफार्मर है, जिसके कारण पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिल पा रहा। हालात यह हैं कि लोगों के घरों में पंखे तक ठीक से नहीं चल पा रहे हैं। भीषण गर्मी में ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है, वहीं बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर सांसद, विधायक और बिजली विभाग के जेई को भी आवेदन दिया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इस दौरान यातायात अवरुद्ध होने से वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
ग्रामीणों में पिंटू यादव, जितेंद्र महतो, मुबारक आलम, निजाम, नौसाद, राहुल शाह, पापू यादव, सुरेश मंडल, प्रदीप पासवान, मोजिम, राजकुमार मंडल, गोविंद मंडल, देवेंद्र राम, दिलीप मंडल, दिनेश मंडल, मो असलम सहित दर्जनों लोगों ने बताया कि लो वोल्टेज क़े कारण बल्ब भी ठीक से नहीं जल रहा है।
कुआंपोखर वार्ड संख्या 13 में भी बिजली की समस्या गंभीर बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब 40 घरों में अब तक बिजली नहीं पहुंची है, जिसके कारण लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने वार्ड में बिजली का तार पहुंचाकर जल्द कनेक्शन देने तथा लो वोल्टेज की समस्या से मुक्ति की मांग की।
सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष व कनीय अभियंता
ग्रामीणों के प्रदर्शन और सड़क जाम की सूचना पर सिकटी थानाध्यक्ष रौशन कुमार सिंह, जेई सिकटी रोहित कुमार राज तथा स्थानीय मुखिया रमेश कुमार यादव घटना स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगो पर अड़े रहे। ग्रामीणों का कहना था कि बिजली विभाग क़े वरीय अधिकारियों क़े आने क़े बाद हीं जाम हटाया जाएगा।
जेई ने कहा कि आपकी समस्याओ का अविलंब निदान किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को दो महीने के अंदर लो वोल्टेज की समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
जेई के आश्वासन और थानाध्यक्ष रौशन कुमार सिंह तथा स्थानीय मुखिया के समझाने के बाद करीब छह घंटे बाद जाम हटाया गया तथा यातायात सामान्य रूप से बहाल किया जा सका।
यह भी पढ़ें- बिहार के गांवों में बना रहे हैं बड़ा मकान या अपार्टमेंट? पहले जान लें ये नया नियम, वरना फंस सकता है निर्माण
