विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अररिया की 27 पंचायतों का बदलेगा नक्शा, GPS और मोबाइल ऐप से दर्ज हो रहा भौगोलिक डेटा

Published: Sun, 06 Sep 2026 03:19 PM (IST)

अररिया के कुर्साकांटा और सिकटी प्रखंडों की 27 पंचायतों का परिसीमन मोबाइल ऐप और जीपीएस के जरिए शुरू हो गया ...और पढ़ें

एआई जनरेटेड फोटो

एआई जनरेटेड फोटो

दीपक कुमार गुप्ता, सिकटी (अररिया)। आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनजर सीमावर्ती प्रखंड क्षेत्र में पंचायतों और वार्डों के परिसीमन का काम तेजी से शुरू हो गया है। मोबाइल एप और जीपीएस के जरिए गांवों व टोलों की भौगोलिक स्थिति, अक्षांश-देशांतर और सीमाओं का डेटा ऑनलाइन दर्ज किया जा रहा है।

इधर कुर्साकांटा प्रखंड के 13 तथा सिकटी के 14 पंचायतों के लिए नए सिरे से परिसीमन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार, परिसीमन के दौरान वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर जनसंख्या और भौगोलिक क्षेत्र का यथासंभव समान वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।

इसके तहत पंचायतों और पंचायत प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण किया जाना है। परिसीमन की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए निर्वाचन आयोग के मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जा रहा है।

प्रखंड लॉगिन के माध्यम से इंयुमीरेशन ब्लॉक की चौहद्दी से जुड़े नौ बिंदुओं की जानकारी दर्ज करनी होगी। इसमें उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम, उत्तर-पूर्व, उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम और केंद्र की प्रविष्टि शामिल है।

10 सितम्बर तक पूरा करना होगा काम

सिकटी बीडीओ प्रियदर्शी राजेश पायरट ने बताया कि आयोग ने त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से परिसीमन कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है। मोबाइल ऐप पर चौहद्दी से संबंधित सभी प्रविष्टियां हर हाल में 10 सितंबर तक पूरी करनी होंगी।

इसके लिए संबंधित कर्मियों को जिम्मेदारी दी गई है। कर्मी मोबाइल ऐप के माध्यम से पंचायतों की सीमाओं से संबंधित जानकारी दर्ज कर सीमांकन का कार्य करेंगे।

आबादी क्षेत्र का भौतिक सत्यापन

पंचायतों के सभी राजस्व गांवों के आबादी क्षेत्र (इबी) का भौतिक सत्यापन कर डिजिटल तरीके से सीमांकन किया जा रहा है। मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से गांवों की चारों दिशाओं, चारों कोनों और बीच के सेंटर पॉइंट की लोकेशन दर्ज की जा रही है।

बीएलओ प्रमोद कुमार ने बताया कि मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से गांव की उत्तर, दक्षिण, पूरब और पश्चिम दिशा के साथ-साथ चारों कोनों और बीच के सेंटर पॉइंट की लोकेशन ली जा रही है। इन लोकेशन के आधार पर गांव की सटीक सीमा का डिजिटल निर्धारण किया जाएगा।

वर्तमान आंकड़े

पद कुर्साकांटा सिकटी
पंचायत 13 14
जिला परिषद 2 2
मुखिया 13 14
सरपंच 13 14
पंसस 18 19
पंच 175 186
वार्ड सदस्य 175 186
कुल 409 435