नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिए संकेत; जोगबनी-कोलकाता एक्सप्रेस को रोज चलाने पर बनी सहमति
सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर अररिया में रेल सुविधाओं के विस्तार और लंबित ...और पढ़ें

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिले अररिया सांसद प्रदीप सिंह; जोगबनी-कोलकाता एक्सप्रेस को रोज चलाने की उठाई मांग
HighLights
सांसद ने रेल मंत्री से की महत्वपूर्ण मुलाकात।
जोगबनी-कोलकाता एक्सप्रेस रोजाना चलाने पर सहमति।
अररिया अमृत भारत स्टेशन का शीघ्र उद्घाटन।
जागरण संवाददाता, अररिया। अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से औपचारिक मुलाकात कर अररिया जिले सहित पूरे सीमांचल क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार, लंबित रेल परियोजनाओं में तेजी लाने और यात्री सुविधाओं में सुधार से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान सांसद ने रेल मंत्री को इन मांगों से संबंधित एक विस्तृत मांग पत्र भी सौंपा।
सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने रेल मंत्री को अवगत कराया कि सीमांचल की एक बड़ी आबादी सुगम और बेहतर रेल संपर्क पर निर्भर है। क्षेत्र में रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, नई ट्रेनों के परिचालन और पुरानी ट्रेनों के विस्तार के लिए लंबित परियोजनाओं पर शीघ्र निर्णय लिया जाना अत्यंत आवश्यक है।
वाशिंग पिट लाइन को मिले स्वीकृति
सांसद ने जोगबनी/फारबिसगंज में प्रस्तावित वाशिंग पिट लाइन और कोच मेंटेनेंस प्रोजेक्ट को तुरंत प्रशासनिक मंजूरी देने की मांग की। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट में देरी के कारण इस रेलखंड से नई ट्रेनें चलाने में दिक्कतें आ रही हैं। फिलहाल यह प्रस्ताव रेलवे बोर्ड के ईडीएमई प्रोजेक्ट स्तर पर विचाराधीन है।
अररिया-सुपौल रेललाइन के काम में आए तेजी
इसके साथ ही उन्होंने अररिया-सुपौल नई रेललाइन परियोजना में भूमि अधिग्रहण, एनओसी (NOC), विद्युत ट्रांसमिशन लाइन और पुल निर्माण से जुड़ी अड़चनों को दूर कर काम की रफ्तार बढ़ाने का आग्रह किया।
जोगबनी-कोलकाता एक्सप्रेस रोजाना चलाने की मांग
यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए सांसद ने जोगबनी-कोलकाता एक्सप्रेस (13159/13160) का संचालन सप्ताह में सीमित दिनों के बजाय रोजाना (प्रतिदिन) करने की मांग रखी।
राघोपुर-देवघर स्पेशल के विस्तार की मांग
वहीं धार्मिक आस्था को देखते हुए उन्होंने राघोपुर-देवघर सावन स्पेशल ट्रेन का विस्तार नरपतगंज या फारबिसगंज तक करने का अनुरोध किया, ताकि अररिया के कांवरियों और श्रद्धालुओं को देवघर जाने के लिए सीधी ट्रेन सेवा मिल सके।
अररिया अमृत भारत स्टेशन का हो उद्घाटन
सांसद ने अररिया में निर्मित 'अमृत भारत स्टेशन' का काम लगभग पूरा होने पर इसके शीघ्र औपचारिक उद्घाटन और पूर्ण संचालन की मांग की। साथ ही, उन्होंने जोगबनी-कटिहार डीएमयू (DMU) ट्रेन को मेमू (MEMU) में तब्दील करने और यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पैसेंजर ट्रेनें चलाने का सुझाव दिया।
DMU बने MEMU
इसके अलावा लक्ष्मीपुर से पोठिया होते हुए फारबिसगंज तक करीब 17 किमी नई रेललाइन के भूमि सर्वे को आगे बढ़ाने की भी मांग की गई। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद की सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
