रोटी कमाने गए थे परदेस, इंदौर पटाखा फैक्ट्री में आग की लपटों ने छीन ली जिंदगी; अररिया पहुंचा शव तो रो पड़ा हर आंख
मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में लगी भीषण आग में अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड के दो ...और पढ़ें

अररिया के दो मजदूरों की इंदौर पटाखा फैक्ट्री हादसे में झुलसकर चली गई जान, गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम
संवाद सूत्र, फुलकाहा (अररिया)। अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड के दो मजदूरों की मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में पटाखा फैक्ट्री में लगी भीषण आग में दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मजदूरों का शव शनिवार सुबह गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
बताया गया कि इंदौर जिले के देवास टोंक कला स्थित पटाखा फैक्ट्री में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई थी। आग के साथ फैक्ट्री में कई धमाके भी हुए, जिससे वहां काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान, छह माह पहले गए थे कमाने
मृतकों में फुलकाहा थाना क्षेत्र के मानिकपुर पंचायत स्थित भवानीपुर वार्ड संख्या पांच निवासी 25 वर्षीय धीरज कुमार शामिल हैं। वह बग्गी पासवान के पुत्र थे। वहीं दूसरी मौत नरपतगंज थाना क्षेत्र के गोखलापुर पंचायत वार्ड संख्या आठ निवासी 25 वर्षीय अमर कुमार राम की हुई। अमर विजय राम के पुत्र थे।
परिजनों के अनुसार दोनों युवक करीब छह माह पहले मजदूरी करने के लिए इंदौर गए थे। फैक्ट्री में काम कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया।
कई मजदूर घायल, आधा दर्जन से अधिक लापता
इस हादसे में नरपतगंज प्रखंड के भवानीपुर और गोखलापुर के कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों का इलाज इंदौर के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। वहीं भवानीपुर वार्ड संख्या पांच के पांच मजदूरों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक फैक्ट्री में आग लगने के बाद लगातार विस्फोट हो रहे थे। इससे पूरा इलाका दहल उठा। कई मजदूर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
प्रत्यक्षदर्शी ने सुनाई भयावह घटना
भवानीपुर निवासी अंजेश कुमार पासवान, जो उसी फैक्ट्री के बगल वाले भवन में काम करते थे, शव के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने घटना की भयावह तस्वीर बयान करते हुए कहा कि धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के मकान तक हिल गए।
उन्होंने बताया कि जिस समय फैक्ट्री में विस्फोट हो रहा था, उस वक्त वहां मौजूद मजदूरों में भगदड़ मच गई। किसी तरह जान बचाकर लोग बाहर निकले। उन्होंने कहा कि आंखों के सामने फैक्ट्री के भवन हवा की तरह उड़ते दिख रहे थे। फिलहाल कई मजदूरों के लापता होने से परिजनों की चिंता बढ़ी हुई है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है।
