विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा होगी मजबूत! बिहार में SSB-APF की बैठक में लिए 5 निर्णय, वॉलीबॉल मैच खेल दिखाई एकजुटता

Published: Sun, 20 Sep 2026 08:14 PM (IST)

Araria Indo Nepal Border Coordination Meeting: अररिया के सिकटी में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बढ़ाने और अपराधों पर अंकुश लगाने ...और पढ़ें

Araria Indo Nepal Border Coordination Meeting: अररिया के सिकटी में भारत-नेपाल सुरक्षा बलों की समन्वय बैठक; एसएसबी और एपीएफ ने की संयुक्त गश्ती, खेला वॉलीबॉल मैच

Araria Indo Nepal Border Coordination Meeting: अररिया के सिकटी में भारत-नेपाल सुरक्षा बलों की समन्वय बैठक; एसएसबी और एपीएफ ने की संयुक्त गश्ती, खेला वॉलीबॉल मैच

HighLights

  1. सीमा पर चौकसी बढ़ाने, अपराधों पर नकेल कसने पर सहमति बनी।

  2. खुफिया सूचनाओं का त्वरित और समयबद्ध आदान-प्रदान किया जाएगा।

  3. एसएसबी और एपीएफ जवानों ने की संयुक्त सीमा गश्ती।

जागरण संवाददाता, अररिया। Araria Indo Nepal Border Coordination Meeting:  भारत-नेपाल सीमा पर चौकसी बढ़ाने, सीमा पार अपराधों पर नकेल कसने और दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच आपसी रिश्तों को प्रगाढ़ बनाने के उद्देश्य से अररिया के सिकटी में एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। 52वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की बाह्य सीमा चौकी सिकटी में आयोजित इस बैठक में एसएसबी के कमांडेंट मितुल कुमार और नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) की तृतीय वाहिनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में भारत-नेपाल खुली सीमा का फायदा उठाकर होने वाली नशीले पदार्थों व मवेशियों की तस्करी, जाली नोटों के अवैध कारोबार, असामाजिक तत्वों की अवांछित गतिविधियों और सीमा पार अपराधों की प्रभावी रोकथाम को लेकर गंभीर मंथन किया गया। दोनों देशों के अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि सीमा की सुरक्षा को पुख्ता बनाए रखने के लिए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की खुफिया सूचनाओं का त्वरित और समयबद्ध आदान-प्रदान बेहद जरूरी है।

जवानों ने की संयुक्त गश्ती, संवेदनशील बिंदुओं का लिया जायजा

बैठक के उपरांत एसएसबी और नेपाल एपीएफ के जवानों ने संयुक्त रूप से सीमावर्ती पिलरों और संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग की। दोनों बलों के अधिकारियों ने बॉर्डर के नो-मैन्स लैंड और आसपास के संवेदनशील रास्तों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान तय किया गया कि सीमा पर गश्ती का दायरा बढ़ाया जाएगा और किसी भी अवैध गतिविधि को रोकने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत निरंतर निगरानी रखी जाएगी।

  • अररिया जिले के सिकटी स्थित बाह्य सीमा चौकी पर एसएसबी 52वीं वाहिनी और नेपाल एपीएफ की 3री वाहिनी की समन्वय बैठक

  • तस्करी, सीमा पार अपराध और असामाजिक तत्वों की रोकथाम के लिए समयबद्ध खुफिया सूचना साझा करने पर बनी सहमति

  • एसएसबी और एपीएफ जवानों ने सीमावर्ती संवेदनशील इलाकों में की संयुक्त गश्ती, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

  • आपसी समन्वय और भाईचारा बढ़ाने के लिए आयोजित हुआ मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच, नेपाल एपीएफ की टीम रही विजेता

मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच का आयोजन, नेपाल एपीएफ रहा विजेता

औपचारिक सुरक्षा बैठक और गश्ती के बाद दोनों देशों के जवानों के बीच आपसी सौहार्द और विश्वास को बढ़ावा देने के लिए एक मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच का आयोजन किया गया। खेल के मैदान में दोनों पक्षों के जवानों ने उच्च स्तरीय खेल भावना और पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। रोमांचक मुकाबले में नेपाल एपीएफ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। खेल के जरिए दोनों सुरक्षा बलों ने सीमा पर शांति, सहयोग और अटूट भाईचारे का स्पष्ट संदेश दिया।

बैठक में दोनों देशों के ये अधिकारी रहे उपस्थित

इस महत्वपूर्ण समन्वय बैठक और कार्यक्रम में भारतीय पक्ष की ओर से एसएसबी के उप कमांडेंट विनोद मीणा, सहायक कमांडेंट कृष्ण कुमार और कृष्णा कुमार मीणा उपस्थित रहे। वहीं, नेपाली प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एपीएफ नेपाल के एसपी गहेंद्र बहादुर भंडारी, डीएसपी बिकास विजय और निरीक्षक टीकाराम माला ने किया। इस दौरान दोनों बलों के कई अन्य अधिकारी एवं जवान भी मौजूद रहे।

"भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा एक साझा दायित्व है। दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच लगातार होने वाली संयुक्त गश्ती, समन्वय बैठक और सीधा संवाद सीमा पर उभरने वाली चुनौतियों का सामना करने में बेहद कारगर साबित होता है। सुरक्षा निगरानी के साथ-साथ खेलकूद और सामाजिक गतिविधियां जवानों के बीच विश्वास और मैत्रीपूर्ण संबंधों को और अधिक मजबूत बनाती हैं।"

-

— मितुल कुमार, कमांडेंट, 52वीं वाहिनी एसएसबी, अररिया