नेपाल सीमा पर हरे पेड़ों का कत्ल! अररिया में सील के बावजूद चल रहीं आरा मिलें, वन विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप
अररिया के नरपतगंज प्रखंड में वन विभाग द्वारा सील किए गए अवैध आरा मिलों को तोड़कर फिर से चलाया जा ...और पढ़ें

अररिया के नरपतगंज सीमावर्ती क्षेत्र में बिना लाइसेंस संचालित अवैध आरा मिल।
संवाद सूत्र, फुलकाहा (अररिया)। अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हो रहे आरा मिलों का काला कारोबार एक बार फिर तूल पकड़ने लगा है।
वन विभाग द्वारा पूर्व में छापेमारी कर कई आरा मिलों को सील किए जाने और वन अधिनियम के तहत प्राथमिकियां दर्ज कराने के बावजूद, उनके ताले तोड़कर दोबारा बेधड़क संचालन शुरू किए जाने की बात सामने आ रही है।
प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में बिना अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) के चल रही इन दर्जनों आरा मिलों को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि विभागीय अधिकारियों की शिथिलता के कारण दिन के साथ-साथ देर रात तक खुलेआम लकड़ियों का चिरान किया जा रहा है।
नेपाल सीमा से सटे इलाकों में हरे पेड़ों पर चल रहा आरा, हरियाली और राजस्व दोनों पर चोट
प्रखंड के नरपतगंज, नाथपुर, पिठौरा, मिरदौल, फरही, तामगंज, फुलकाहा, भोड़हर, भवानीपुर, घुरना, बबुआन, बसमतिया और डुमरबन्ना जैसे नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अवैध लकड़ी चिरान का काम फल-फूल रहा है।
माफियाओं द्वारा हरे-भरे व पुराने बड़े पेड़ों को काटकर आरा मिलों तक पहुंचाया जा रहा है, जहां से तैयार लकड़ियों को स्थानीय बाजारों के अलावा सीमा पार तक खपाया जा रहा है।
नेपाल सीमा से सटे इस प्राकृतिक क्षेत्र में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण और हरियाली को नुकसान पहुंच रहा है।इसके साथ ही बिना किसी वैद्य कागजात और टैक्स के चल रहे इस कारोबार से सरकार को प्रतिवर्ष लाखों रुपये के राजस्व की चपत भी लग रही है।
सील टूटने के बावजूद जांच सुस्त, बथनाहा वनपाल ने दिए कड़ी कार्रवाई के संकेत
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पूर्व में की गई विभागीय कार्रवाई के बाद कुछ समय तक तो यह अवैध धंधा थमा रहा, लेकिन बाद में संचालकों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उन्होंने सील किए गए मिलों में दोबारा काम शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने वन विभाग और सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों से मांग की है कि सभी आरा मिलों के कागजातों की दोबारा सघन जांच की जाए।
मामला संज्ञान में आने के बाद बथनाहा रेंज के वनपाल ने बताया कि क्षेत्र में जल्द ही विशेष अभियान चलाकर सभी अवैध आरा मिलों की जांच की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले और सील तोड़कर मिल चलाने वाले संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
