अररिया में मिट्टी के टीले में दब गए 4 मासूम; 2 बच्चों की मौत से कोहराम, परिजनों का हंगामा, एनएच-27 पर चक्का जाम
Araria Soil Collapse Children Death: अररिया के फुलकाहा में अवैध खनन के कारण कोसी नहर के बांध पर मिट्टी धंसने ...और पढ़ें
-1789295934908_m.webp)
Araria Illegal Mining Two Children Die in Embankment Collapse
HighLights
अररिया में अवैध खनन से कोसी नहर बांध पर मिट्टी धंसी।
हादसे में दो बच्चों की मौत, दो अन्य गंभीर रूप से घायल।
गुस्साए ग्रामीणों ने NH-27 जाम कर कार्रवाई की मांग की।
संवाद सूत्र, फुलकाहा (अररिया)। Araria Soil Collapse Children Death:अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड में पूर्वी कोसी नहर के बांध पर बेखौफ चल रहे अवैध खनन के काले कारोबार ने रविवार को दो मासूम बच्चों की जिंदगी लील ली। फुलकाहा थाना क्षेत्र के मधुरा पश्चिम नगर पंचायत वार्ड संख्या एक से गुजरने वाली नहर के बांध पर अवैध मिट्टी कटाई के कारण अचानक मिट्टी का एक बड़ा टीला भरभराकर गिर पड़ा। इसकी चपेट में आने से वहां खेल रहे चार बच्चे मलबे में जिंदा दफन हो गए। ग्रामीणों ने आनन-फानन में मिट्टी खोदकर बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दो बच्चों की दम घुटने से मौत हो चुकी थी।
अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत फुलकाहा थाना क्षेत्र के मधुरा पश्चिम में हुआ दर्दनाक हादसा
पूर्वी कोसी नहर बांध पर अवैध खनन के कारण मिट्टी का बड़ा टीला धंसने से दब गए चार मासूम बच्चे
हादसे में 8 वर्षीय आयन्स और 7 वर्षीय साजन की मौत; दो बच्चे अस्पताल में भर्ती, एक की हालत गंभीर
गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार
नरपतगंज बाजार में NH-27 किया जाम
जबकि दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दबे हुए बच्चों को बाहर निकाला और तुरंत नरपतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान मधुरा पश्चिम वार्ड संख्या एक निवासी रविन्द्र पासवान के आठ वर्षीय पुत्र आयन्स कुमार और संजीत कुमार पासवान के सात वर्षीय पुत्र साजन कुमार के रूप में की गई है। वहीं, हादसे में घायल छोटू कुमार पासवान के आठ वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जबकि एक अन्य बच्चे का प्राथमिक उपचार चल रहा है।
पोस्टमार्टम कराने से इनकार, शवों के साथ एनएच-27 पर उतरे ग्रामीण
मासूमों की असामयिक मौत की खबर मिलते ही मधुरा पश्चिम गांव में कोहराम मच गया। पीड़ित परिजनों के करुण क्रंदन से पूरा इलाका गमगीन हो गया। घटना की सूचना पर फुलकाहा थानाध्यक्ष दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और कानूनी प्रक्रिया के तहत शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया। हालांकि, प्रशासनिक लापरवाही और अवैध खनन पर रोक न लगने से आक्रोशित परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया।
-1789296137249.webp)
घटना से भड़के सैकड़ों ग्रामीणों ने स्थानीय माफिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नरपतगंज बाजार के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (NH-27) को जाम कर दिया। सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। ग्रामीण अवैध खनन करने वालों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। हालात बिगड़ते देख स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक पदाधिकारी और क्षेत्र के गण्यमान्य लोग मौके पर पहुंचकर आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने-बुझाने और सड़क से जाम हटाने के प्रयास में जुटे रहे।
नहर बांधों पर बेखौफ चल रहा है अवैध कटाई का खेल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पूर्वी कोसी नहर के बांधों से दिन-रात अवैध तरीके से मिट्टी की कटाई और खनन का खेल चल रहा है। खनन माफिया जेसीबी और ट्रैक्टर लगाकर बांध की जड़ों को खोखला कर रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग और स्थानीय पुलिस आंखें मूंदे बैठी रहती है। इसी लापरवाही के कारण मिट्टी की भारी ढांग लटक गई थी, जो मासूम बच्चों के ऊपर गिर पड़ी और हंसते-खेलते दो घरों का चिराग हमेशा के लिए बुझ गया।
