अररिया में हरियाबारा में बस ने बाइक सवार 3 युवकों को रौंदा; 1 की दर्दनाक मौत, 1 रेफर और तीसरे का चल रहा है इलाज
अररिया के हरियाबारा में एक अनियंत्रित बस और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो ...और पढ़ें

मुरबल्ला चौक से चरारनी जा रहे थे तीनों युवक; हरियाबारा के पास अज्ञात बस की सीधी टक्कर से हुआ भीषण हादसा
HighLights
अररिया में बस-बाइक टक्कर, एक युवक की दर्दनाक मौत।
दो युवक गंभीर घायल, एक को हायर सेंटर रेफर किया गया।
मृतक दिलशाद, घायल आमिर और खालिद मुरबल्ला के निवासी थे।
संवाद सूत्र, अररिया। अररिया आरएस थाना क्षेत्र अंतर्गत हरियाबारा के समीप शनिवार को एक अनियंत्रित बस और बाइक के बीच हुई भीषण टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय राहगीरों की मदद से तीनों को तत्काल अररिया सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, एक अन्य युवक की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर (पूर्णिया/भागलपुर) रेफर कर दिया गया है। तीसरे घायल का इलाज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में जारी है।
मुरबल्ला निवासी दिलशाद की गई जान, आमिर हायर सेंटर रेफर
मृतक की पहचान मुरबल्ला निवासी मोहम्मद तबरार के पुत्र दिलशाद (युवक) के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान मुरबल्ला निवासी इश्तियाक के पुत्र आमिर के रूप में हुई है, जिसे हायर सेंटर भेजा गया है। वहीं तीसरे घायल युवक की पहचान शमीम के पुत्र खालिद के रूप में की गई है, जो फिलहाल खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे चरारनी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर मुरबल्ला चौक से चरारनी की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक हरियाबारा के पास पहुंची, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों सड़क पर दूर जा गिरे।
दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक बस समेत मौके से तेजी से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को संभाला और एंबुलेंस व वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
"सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सदर अस्पताल पहुंचकर मामले की पूरी जानकारी ली है। मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया की जा रही है। दुर्घटना में शामिल अज्ञात बस की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
