आम परिवार के नौजवानों को यूथ कांग्रेस राजनीति में लाकर देगी मौका: प्रदेश अध्यक्ष
संवाद सूत्र फारबिसगंज(अररिया)- फारबिसगंज के जेपी सभा भवन में शुक्रवार को यूथ कांग्रेस क
संवाद सूत्र, फारबिसगंज(अररिया):- फारबिसगंज के जेपी सभा भवन में शुक्रवार को यूथ कांग्रेस का जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार यूथ कांग्रेस के प्रभारी अमित यादव, प्रदेश अध्यक्ष गुंजन पटेल, सह प्रभारी राजेश कुमार सन्नी, प्रदेश सचिव विनोद कुमार, आईटी सेल प्रमुख शुभम सिंह शामिल हुए। कार्यकर्ता सम्मेलन में युवा नेताओं को संबोधित करते हुए बिहार प्रभारी अमित यादव ने कहा कि आम परिवार के नौजवानों को राजनीति में लाकर यूथ कांग्रेस मौका देना चाहती है। जिससे आगे चलकर वह विधायक व सांसद बन सके। उन्होंने कहा कि वैसे सभी नौजवानों का पार्टी स्वागत करती है जो समाज और देश हित में काम करने के लिए राजनीति में आना चाहते हैं। वही प्रदेश अध्यक्ष गुंजन पटेल ने कहा कि बिहार के प्रत्येक जिले में यूथ कांग्रेस के द्वारा जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। जिसमें संगठन को मजबूती बनाने का आह्वान करते हुए घर घर से कार्यकर्ता जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, स्वास्थ्य, शिक्षा, बेरोजगारी सभी मुद्दे पर बिहार व केंद्र सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है। नौजवानों में बेरोजगारी की तादाद बढ़ती जा रही है। वही जिलाध्यक्ष करण कुमार पप्पू ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि इस बार पूरे जिले में कार्यकर्ता युद्ध स्तर पर काम करते हुए सरकार के विफलता को घर घर जाकर लोगों को बताना है। उन्होंने कहा कि झारखंड के तरह ही इस बार बिहार में जनता सबक सिखाने का काम करेगी। इस मौके पर कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनिल सिन्हा, जिला उपाध्यक्ष शंकर प्रसाद साह, यूथ जिला महासचिव सावन सागर, एनएसयूआई प्रदेश महासचिव इरशाद सिद्दीकी, विधानसभा अध्यक्ष अबु बसर अंसारी, कपिल अंसारी, युवराज यादव, सरफराज, सलमान अंसारी, दिलशाद अंसारी, आसफी, जाहिद सिद्दीकी, सिटू कुमार, अमन कुमार, गोविद कुमार, चंदन कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।