अररिया के 5.60 लाख बच्चों के खाते में पैसे भेजेगी सरकार, स्कूल में 75 प्रतिशत की अटेंडेंस अनिवार्य
अररिया जिले के सरकारी स्कूलों के 5.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों को डीबीटी योजनाओं का लाभ मिलेगा।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
अररिया में 5.60 लाख छात्रों को डीबीटी लाभ मिलेगा।
छात्रवृत्ति, पोशाक, साइकिल की राशि सीधे खाते में।
योजनाओं के लिए 75% उपस्थिति अनिवार्य की गई।
अफसर अली, अररिया। जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले पांच लाख 60 हजार से अधिक विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) आधारित योजनाओं का लाभ मिलेगा। इसके तहत छात्रवृत्ति, पोशाक, साइकिल सहित अन्य योजनाओं की राशि विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
हालांकि, इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों की 75 फीसदी उपस्थिति जरूरी है। इसी को लेकर शिक्षा विभाग ने जिले के सभी विद्यालयों से विद्यार्थियों की उपस्थिति से संबंधित रिपोर्ट मांगी थी।
विभाग के अनुसार, अधिकांश स्कूलों ने रिपोर्ट उपलब्ध करा दी है, जबकि कुछ विद्यालयों और मदरसों की रिपोर्ट अब भी लंबित है।
डीपीओ योजना एवं लेखा ने शनिवार को बताया कि जिले के करीब 99 फीसदी विद्यालयों से रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है।
दस विद्यालयों की रिपोर्ट बीईओ स्तर से अनुमोदन के लिए लंबित है। इसका निष्पादन भी जल्द हो जाएगा। पांच मदरसों से रिपोर्ट नहीं मिली है।
15 अक्टूबर की रिपोर्ट में 153 स्कूल थे लंबित
विभाग की ओर से 15 अक्टूबर को जारी रिपोर्ट के अनुसार, जिले में कुल 2,189 विद्यालयों में से 2,036 ने 75 फीसदी विद्यार्थी की उपस्थिति से संबंधित रिपोर्ट जमा की थी।
153 विद्यालयों की रिपोर्ट लंबित थी। जिले के सरकारी स्कूलों में कुल 5,63,763 विद्यार्थियों का नामांकन दर्ज है। इसमें मदरसा और संस्कृत विद्यालय भी शामिल हैं।
इनमें से 5,26,870 विद्यार्थियों का आंकड़ा रिपोर्ट में दर्ज किया गया था। अब विभाग का कहना है कि करीब 99 फीसदी विद्यालयों से रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है।
रानीगंज के सभी विद्यालयों ने दी रिपोर्ट
प्रखंडवार आंकड़ों पर नजर डालें तो रानीगंज में रिपोर्ट जमा करने के मामले में सभी विद्यालयों ने जानकारी उपलब्ध कराई थी। यहां कुल 302 विद्यालयों में 77,251 विद्यार्थी नामांकित हैं। नरपतगंज प्रखंड में 253 विद्यालयों में से 240 ने रिपोर्ट जमा की थी।
यहां कुल 68,714 विद्यार्थियों का नामांकन है। अररिया प्रखंड में 333 विद्यालय हैं, जहां 92,329 विद्यार्थी नामांकित हैं। फारबिसगंज में 283 विद्यालयों में 89,107 विद्यार्थियों का नामांकन दर्ज है। जोकीहाट में 300 विद्यालयों में 72,344 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं।
भरगामा प्रखंड में 46,025 विद्यार्थियों का नामांकन है। इसी तरह पलासी प्रखंड के 224 विद्यालयों में 53,012 विद्यार्थी, कुर्साकांटा के 141 विद्यालयों में 34,128 विद्यार्थी और सिकटी के 156 विद्यालयों में 30,853 विद्यार्थी नामांकित हैं।
स्कूली छात्र-छात्राओं को डीबीटी योजना के तहत मुख्यमंत्री बालिका- बालक पोशाक योजना, साइकिल योजना, किशोरी स्वास्थ्य योजना, मेधावृत्ति योजना, बालिका इंटरमीडिएट प्रोत्साहन योजना आदि शामिल है।
विद्यालयों में 75 फीसदी उपस्थिति सुनिश्चित करने वाले बच्चों को योजनाओं का लाभ मिलेगा। डीबीटी के माध्यम से योजनाओं की राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। 99 फीसदी से अधिक विद्यालयों से रिपोर्ट उपलब्ध हो गई है। शेष से शीघ्र रिपोर्ट उपलब्ध करा ली जाएगी। -संदीप रंजन, डीपीओ योजना लेखा अररिया
